गोंडा जिले में नगर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत गोंडा-झंझरी ब्लॉक मार्ग पर एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने यादव जलपान गृह के पास खड़े कई लोगों को रौंद दिया। यह घटना आज दोपहर करीब 1:30 बजे मेडिसिन अस्पताल के पास हुई जिसमें अस्पताल स्टाफ सहित आठ लोग घायल हो गए। पूरी घटना पास के एक अस्पताल के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि झंझरी ब्लॉक की तरफ से गोंडा एलबीएस चौराहे की ओर जा रही स्कॉर्पियो ने पहले जलपान गृह पर चाय पी रहे लोगों को टक्कर मारी। इसके बाद, वह सामने से गोंडा से लखनऊ जा रही एक रोडवेज बस से टकरा गई। टक्कर के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। घायलों में 35 वर्षीय रमेश प्रजापति, 26 वर्षीय कन्हैयालाल, 35 वर्षीय चंद्रपाल, 35 वर्षीय फूलजहां, 19 वर्षीय अस्पताल स्टाफ रिंकी, 38 वर्षीय नूर मोहम्मद, 13 वर्षीय हसन और 18 वर्षीय आसिफ शामिल हैं। स्थानीय लोगों ने तत्काल सभी घायलों को गोंडा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर गोंडा नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि स्कॉर्पियो गाड़ी को कब्जे में ले लिया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि किसी भी घायल की हालत नाजुक नहीं है। छह लोग मेडिकल कॉलेज में भर्ती हैं, जबकि दो को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। पीड़ितों ने बताया कि वे अचानक स्कॉर्पियो की चपेट में आ गए, जिससे उनके परिवार के कई सदस्य घायल हो गए। उन्होंने पुलिस से इस पूरे मामले में उचित कार्रवाई की मांग की है। घटना कैसे हुई, यह जांच का विषय है और ड्राइवर ही इसकी जानकारी दे पाएगा।


