झांसी के वार्ड नंबर-31 लहरगिर्द में गुरुवार को सदर विधायक रवि शर्मा और नगर आयुक्त आकांक्षा राणा ने सीएम ग्रिड परियोजना के तहत बन रही सड़क का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति देखी और सड़क चौड़ीकरण में आ रही बाधाओं को लेकर स्थानीय लोगों से बातचीत की। विधायक ने कहा कि क्षेत्र को सिविल लाइन जैसा विकसित किया जाएगा, लेकिन इसके लिए लोगों को भी थोड़ा समर्पण दिखाना होगा। आईटीआई रेल अंडरपास से लहरगिर्द होकर झांसी-कोटा नेशनल हाईवे तक जाने वाला यह मार्ग शहर का महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग माना जाता है। इसी वजह से इसे मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम (सीएम ग्रिड योजना) में शामिल किया गया है। करीब 8 करोड़ 92 लाख 73 हजार रुपए की लागत से 1.30 किलोमीटर लंबी सड़क बनाई जा रही है।
निरीक्षण के दौरान विधायक और नगर आयुक्त ने कार्यदायी संस्था के इंजीनियरों व सुपरवाइजर से जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि कई स्थानों पर स्थायी निर्माण सड़क चौड़ीकरण में बाधा बन रहे हैं। इसके बाद विधायक नगर आयुक्त व अन्य अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे और संबंधित लोगों से चर्चा की। एक मंदिर सड़क से सटकर बना हुआ है, जिसके कारण चौड़ीकरण प्रभावित हो रहा है। विधायक ने मंदिर संचालकों से बातचीत कर मंदिर को शिफ्ट करने पर सहमति भी मांगी। इसके अलावा कुछ मकानों को भी स्वीकृत ड्रॉइंग के अनुसार पीछे हटाने की आवश्यकता बताई गई। इसको लेकर सदर विधायक रवि शर्मा ने कहा कि जल्द ही सभी समस्याओं का समाधान कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस परियोजना में पांच विभागों के समन्वय से काम किया जा रहा है। आने वाले समय में सड़क पर कोई भी बिजली या टेलीफोन का खंभा दिखाई नहीं देगा। बिजली, पानी, सीवर और टेलीफोन सहित सभी लाइनें अंडरग्राउंड की जाएंगी।


