डेली कॉलेज के चुनाव में बैलट पेपर चोरी का आरोप:प्रत्याशी ने लगाए आरोप, 21 मई को होना है चुनाव

डेली कॉलेज के चुनाव में बैलट पेपर चोरी का आरोप:प्रत्याशी ने लगाए आरोप, 21 मई को होना है चुनाव

इंदौर के डेली कॉलेज सोसाइटी में न्यू डोनर कैटेगरी के चुनाव को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। 21 मई को होने वाले चुनाव के लिए 5 और 6 मई को विभिन्न शहरों में 153 बैलेट पेपर स्पीड पोस्ट के जरिए भेजे गए थे। अब पूर्व छात्र और प्रत्याशी राजेश अग्रवाल ने कुछ बैलेट पेपर चोरी और जबरन छीनने के आरोप लगाए हैं। राजेश अग्रवाल ने आरोप लगाते हुए कहा कि इलेक्शन ऑफिसर और डेली कॉलेज सोसाइटी के सेक्रेटरी चुनाव प्रक्रिया में लगातार एकपक्षीय, असंवैधानिक और नियमों के विपरीत कार्रवाई कर रहे हैं। उनका कहना है कि चुनाव की अधिसूचना 21 अप्रैल को जारी की गई थी, उस समय पुराना संविधान लागू था, जबकि नए संविधान को 24 अप्रैल को स्वीकृति मिली। इसके बावजूद चुनाव नए संविधान के आधार पर कराए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि चुनाव संबंधी गाइडलाइंस 30 अप्रैल को जारी की गईं, जबकि चुनाव प्रक्रिया पहले ही शुरू हो चुकी थी। प्रत्याशी ने आरोप लगाया कि बैलेट पेपर भेजे जाने के बाद डेली कॉलेज सोसाइटी के अध्यक्ष और बोर्ड मेंबर्स द्वारा जबरदस्ती बैलेट छीने जा रहे हैं। उनके अनुसार गुरुवार को देवास में एक उद्योगपति के कार्यालय से उनकी इच्छा के विरुद्ध 20 से 25 लोगों ने बैलेट पेपर छीन लिया। इसके अलावा देवास में दो अन्य लोगों के कार्यालयों से भी इसी प्रकार बैलेट उठाए जाने की बात कही गई है। राजेश अग्रवाल ने यह भी आरोप लगाया कि पीथमपुर में बंद पड़े तीन कारखानों के बैलेट पेपर पोस्टमैन से ही ले लिए गए, जबकि डिलीवरी नहीं होने की स्थिति में इन्हें पोस्ट ऑफिस वापस लौटना चाहिए था। मामले को लेकर उन्होंने चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए जांच की मांग की है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *