अज्ञात वाहन की टक्कर से चाचा की मौत:भतीजा गंभीर घायल, वाहन चालक मौके से फरार

अज्ञात वाहन की टक्कर से चाचा की मौत:भतीजा गंभीर घायल, वाहन चालक मौके से फरार

इटावा के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में सोमवार रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 32 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका 14 वर्षीय भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। अज्ञात वाहन टक्कर मारकर मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है और पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए वाहन की तलाश शुरू कर दी है। हादसे में युवक की मौके पर मौत जानकारी के अनुसार, इकदिल के मानिकपुर मोड़ विकास कॉलोनी फेस-1 निवासी निर्वेश कुमार पाल उर्फ पिंटू अपने पैतृक गांव तुलारामपुर जसवंतनगर गए थे। खेतों में काम निपटाने के बाद वह रात करीब 8 बजे अपने 14 वर्षीय भतीजे प्रिंस के साथ बाइक से वापस लौट रहे थे। तेज रफ्तार वाहन ने पीछे से मारी टक्कर जैसे ही उनकी बाइक सिविल लाइन थाना क्षेत्र के बुडैला गांव के पास राधिका मैरिज होम के सामने नेशनल हाईवे पर पहुंची, तभी एक तेज रफ्तार वाहन ने ओवरटेक करते समय पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर दूर जा गिरे और वाहन चालक निर्वेश को कुचलता हुआ मौके से भाग गया। किशोर की हालत गंभीर, सैफई रेफर घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने निर्वेश को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल प्रिंस की हालत नाजुक होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई रेफर कर दिया गया है। परिवार में मचा कोहराम, पुलिस जांच में जुटी निर्वेश की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वह पांच भाइयों में सबसे छोटा था और अपने पीछे पत्नी ज्योति व तीन साल के बेटे माधव को छोड़ गया है। वह खेती के साथ परचून की दुकान चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता था। थाना प्रभारी डॉ केके मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और फरार वाहन की तलाश की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *