गोरखपुर AIIMS में OPD हॉल के विस्तार कार्य में देरी के चलते मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सात दिन में पूरा होने वाला यह कार्य 15 दिन बाद भी अधूरा है, जिससे अस्पताल में अव्यवस्था की स्थिति बनी हुई है। AIIMS प्रशासन ने 12 अप्रैल तक OPD विस्तार कार्य पूरा करने का दावा किया था, लेकिन निर्धारित समय-सीमा पूरी नहीं हो सकी। धीमी गति से चल रहे काम के कारण मरीजों को मुख्य द्वार के बजाय वैकल्पिक रास्तों से ओपीडी में प्रवेश करना पड़ रहा है। इससे सुबह से शाम तक भीड़ और धक्का-मुक्की की स्थिति बनी रहती है। कई बार इस अव्यवस्था के कारण लोग मामूली रूप से घायल भी हो चुके हैं। 5 अप्रैल से शुरू हुआ था कार्य बढ़ती मरीज संख्या को देखते हुए AIIMS प्रशासन ने 5 अप्रैल से OPD हॉल के विस्तार का कार्य शुरू कराया था। इसके तहत OPD हॉल के बाहर लगभग 15 फीट चौड़े हिस्से का निर्माण किया जा रहा है। AIIMS की मीडिया सेल की चेयरपर्सन डॉ. आराधना सिंह ने कहा- कार्य जल्द पूरा कराया जाएगा। देरी के कारणों की जांच करवाया जाएगा।


