30 फीट की ऊंचाई से गिरे तीन मजदूर, एक-एक कर थम गई, तीनों की सांसें… पीछे छूट गईं रोती हुईं ज़िंदगियां

30 फीट की ऊंचाई से गिरे तीन मजदूर, एक-एक कर थम गई, तीनों की सांसें… पीछे छूट गईं रोती हुईं ज़िंदगियां

आगरा के एत्माद्दौला क्षेत्र में शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसा हुआ। जब निर्माणाधीन मकान की दूसरी मंजिल का ढांचा अचानक गिर गया। इस हादसे में एक ठेकेदार और दो मजदूरों की जान चली गई। तीनों करीब 30 फीट ऊंचाई से नीचे गिरे थे। कुछ ही घंटों के भीतर एक-एक कर तीनों की मौत की खबर ने परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया।

आगरा के ट्रांस यमुना कॉलोनी में शनिवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। यहां एक मकान की दूसरी मंजिल पर निर्माण कार्य चल रहा था। स्टोर रूम की छत तैयार की जा रही थी। उसी दौरान गर्डर पर पटिया रखने का काम चल रहा था। इसी बीच संतुलन बिगड़ने से पूरा ढांचा अचानक गिर गया।

पत्थर और सीमेंट की बोरियों के साथ तीनों सड़क पर गिरे

हादसे के वक्त ठेकेदार मुन्नालाल और दो मजदूर—रंजीत और जगदीश—ऊपर काम कर रहे थे। जैसे ही गर्डर एक तरफ झुका। तीनों मजदूर पत्थर और सीमेंट की बोरियों के साथ करीब 30 फीट नीचे सड़क पर गिर पड़े। गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग दौड़ पड़े। तीनों घायलों को तुरंत पास के अस्पतालों में ले जाया गया। सबसे पहले रंजीत को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

ठेकेदार और एक मजदूर को दूसरे अस्पताल रेफर किया गया लेकिन नहीं बची जान

ठेकेदार मुन्नालाल की हालत गंभीर थी। जिन्हें बाद में एसएन अस्पताल रेफर किया गया। लेकिन वहां भी उनकी जान नहीं बच सकी। तीसरे मजदूर जगदीश को लखनऊ के केजीएमसी भेजा गया। जहां पहुंचते ही डॉक्टरों ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया। कुछ ही घंटों के भीतर तीनों की मौत की खबर ने उनके परिवारों को तोड़कर रख दिया। अस्पतालों के बाहर परिजन लगातार दुआ करते रहे। लेकिन एक-एक कर सभी की मौत की खबर आती रही।

अब रंजीत के बच्चों की कौन करेगा देखभाल

इस हादसे ने सबसे ज्यादा झकझोरने वाली कहानी रंजीत के परिवार की है। दो साल पहले उनकी पत्नी की बीमारी से मौत हो चुकी थी। इसके बाद वह अपने दो छोटे बेटों की अकेले परवरिश कर रहा था। बच्चों के लिए वही मां और पिता दोनों था। रोज काम पर जाने से पहले बच्चों से बात करता था। लेकिन हादसे वाले दिन वह उनसे बात नहीं कर पाया। जब बच्चों को पिता की मौत की खबर मिली। तो उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ऊंचाई से गिरने के कारण तीनों के सिर में गंभीर चोट लगी थी। जिससे उनकी मौत हुई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। परिजनों की ओर से अभी तक कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। यह हादसा एक बार फिर निर्माण कार्यों में सुरक्षा की अनदेखी पर सवाल खड़े कर गया है। जहां एक छोटी सी लापरवाही तीन परिवारों की खुशियां छीन ले गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *