गर्ल्स स्कूल की प्रिंसिपल को जान से मारने की धमकी

भास्कर संवाददाता|विदिशा शहर के डंडापुरा स्थित शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई गर्ल्स हायर सेकंडरी स्कूल की प्रिंसिपल डॉ. दीप्ति शुक्ला को डीईओ ऑफिस में पदस्थ खेल शिक्षक संतोष चतुर्वेदी द्वारा जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। इस मामले में प्राचार्य डॉ. दीप्ति शुक्ला ने कलेक्टर, एसपी, डीईओ, और कोतवाली थाने में लिखित शिकायत भेजकर कार्रवाई की मांग की है। खेल शिक्षक संतोष चतुर्वेदी पर अभद्र भाषा का प्रयोग कर जान से मारने की धमकी देने का मामला शिक्षा विभाग में काफी चर्चा में है। यह मामला स्कूल में खेल सामग्री की खरीदी से जुड़ा है। यहां 22 अप्रैल को पुरस्कार वितरण कार्यक्रम होना है। इसे लेकर चेतावनी दी गई कि यह कार्यक्रम करके बता दो। इस संबंध में डॉ. दीप्ति शुक्ला ने बताया कि 11 अप्रैल को खेल शिक्षक संतोष चतुर्वेदी मेरे पास आए थे। वे कह रहे थे कि जो खेल सामग्री मंगाई है, उसे वापस दे दो। वापस नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी। डीईओ बोले- जानकारी नहीं है डीईओ एसपीएस जाटव का कहना है कि वे 2 दिन से बाहर थे। उन्हें पूरे मामले की जानकारी नहीं है। जानकारी मिलते ही उचित कार्रवाई करेंगे। कोतवाली थाना प्रभारी आनंद राज का कहना है कि शिकायत पर उचित कार्रवाई करेंगे। इस संबंध में जिला खेल शिक्षक संतोष चतुर्वेदी का कहना है कि प्राचार्य ने खेल सामग्री मंगाई थी। उसका बिल भी उन्हें दिया है। जब संबंधित फर्म को भुगतान की बात कही तो गलत आरोप लगा दिया। मैंने किसी प्रकार की धमकी नहीं दी है। पुरस्कार वितरण कार्यक्रम रोकने पर कोई धमकी नहीं दी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *