मैहर के अमदरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को 13 वर्षीय छात्रा से गैंगरेप का मामला सामने आया है। छात्रा दोपहर 4 बजे स्कूल से घर से लौट रही थी। इस दौरान उसका अपरहण कर लिया गया। स्कूल से घर की दूरी मात्र 200 मीटर थी, लेकिन छुट्टी के बाद भी जब छात्रा घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। सुराग न मिलने पर रात 9 बजे अमदरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस सक्रिय हुई और संभावित ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। तालाब के पास बने घर में बंधक बनाकर छिपाया था
शनिवार तड़के पुलिस को झुकेही चौकी क्षेत्र में तालाब किनारे एक बंद घर से हलचल सुनाई दी। दबिश देने पर छात्रा बदहवास हालत में मिली। मौके से सनी कोहली (25) और गोलू उर्फ दीपक बसोर (38) को गिरफ्तार किया गया। आरोपी दीपक कटनी जिले का निगरानीशुदा बदमाश है और यह मकान उसी का था। अस्पताल में दिए बयान में पीड़िता ने सामूहिक दुष्कर्म की पुष्टि की। पुलिस ने गैंगरेप व पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज कर सैंपल डीएनए जांच के लिए भेजे हैं।


