चंदौली: अलीनगर थाना क्षेत्र के रेवासा गांव में आयोजित कव्वाली कार्यक्रम के दौरान हुए विवाद के बाद युवक के संग मारपीट और फायरिंग किए जाने की घटना में शामिल हिस्ट्रीशीटर बदमाश से पुलिस की मुठभेड़ हुई है। बताया जा रहा है कि इस मुठभेड़ में बदमाश के दोनों पैरों में गोली लगी है। इसके बाद पुलिस ने उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
जानकारी के मुताबिक बीते दिनों रेवासा गांव में आयोजित एक कव्वाली कार्यक्रम में अपने कुछ साथियों संग पहुंचे हिस्ट्रीशीटर धर्मेंद्र भारती पर आरोप है कि उसने कार्यक्रम में शामिल होने पहुंची महिलाओं संग अभद्र व्यवहार किया था और उनके खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी भी की थी। दुर्व्यवहार किए जाने के बाद फरमान नामक एक युवक ने इस पर विरोध जताया था। इसके बाद मौके पर अफरा तफरी का माहौल बन गया था।
मारपीट व फायरिंग का आरोप
इस घटना के बाद आरोपी अपने साथियों संग वहां से चला गया और देर रात जब फरमान अपने परिवार के साथ अपने घर लौट रहा था, इस दौरान आरोपियों ने उसे रोक लिया और उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान फायरिंग भी की गई थी और फरमान के गाड़ी में भी तोड़फोड़ की गई। मामले की जानकारी फरमान ने अलीनगर पुलिस को दी थी। इसके बाद पुलिस इस मामले में हिस्ट्रीशीटर धर्मेंद्र भारती की तलाश कर रही थी।
असलहा बरामदगी के लिए लेकर गई थी पुलिस
बताया जा रहा है कि पुलिस सकलडीहा थाना क्षेत्र के एक गांव से धर्मेंद्र भारती को गिरफ्तार कर ली थी और जिस असलहे से उसने फायरिंग की थी उसकी बरामदगी के लिए टीम उसे लेकर घटनास्थल पहुंची थी। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने बताया कि धर्मेंद्र भारती जब असलहा बरामदगी के लिए पहुंचा तो उसने उसी असलहे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
आरोपी के खिलाफ दर्ज हैं कई मुकदमे
उन्होंने बताया की जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने फायरिंग की, जिसके बाद उसके दोनों पैरों में घुटने के नीचे गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। उन्होंने बताया कि पुलिस ने उसे तत्काल सहायता प्रदान की और उसे अस्पताल पहुंचाया। एसपी बताया कि फिलहाल आरोपी का जिला अस्पताल में डॉक्टरों की देखरेख में इलाज चल रहा है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी धर्मेंद्र भारती एक शातिर किस्म का अपराधी है और जिले के विभिन्न थानों में उसके खिलाफ मुकदमे दर्ज हैं।


