मामा के यहां शादी में आए बच्चे की नाले में:ग्रामीण पुलिस ने शव का पीएम करवाकर जांच शुरू की

मामा के यहां शादी में आए बच्चे की नाले में:ग्रामीण पुलिस ने शव का पीएम करवाकर जांच शुरू की

बालाघाट। जिले के दुगलई गांव में मामा के यहां शादी में आए 15 वर्षीय दिव्यांश इनवाती की नाले में नहाते समय गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। यह घटना सोमवार शाम को हुई। ग्रामीण पुलिस ने मंगलवार को जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, टाकाबर्रा निवासी दिव्यांश (पिता मोहनसिंह इनवाती) अपने माता-पिता और बड़ी बहन के साथ 14 अप्रैल को मामा की बेटी की शादी में दुगलई आया था। उसके माता-पिता और बहन 20 अप्रैल को गांव लौट गए थे, जबकि दिव्यांश मामा के यहां रुका हुआ था। 20 अप्रैल की दोपहर दिव्यांश अपने हमउम्र दोस्तों रोहित मर्सकोले और अभिनय उईके के साथ बकरियां चराने नाले की तरफ गया था। बकरियां दूर चले जाने पर अभिनय उन्हें वापस लाने चला गया। इसी दौरान दिव्यांश और रोहित नाले के पानी में नहाने लगे। नहाते समय दिव्यांश गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। रोहित ने उसे डूबते देखा तो वह दौड़कर घर गया और दिव्यांश के परिजनों को सूचना दी। जब तक परिजन मौके पर पहुंचे, तब तक दिव्यांश गहरे पानी में डूब चुका था। परिजनों ने किसी तरह नाले से दिव्यांश के शव को बाहर निकाला और ग्रामीण थाना पुलिस को सूचित किया। घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीण पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। सोमवार रात होने के कारण पोस्टमार्टम नहीं हो सका था। मंगलवार को परिजनों की मौजूदगी में शव पंचनामा कार्यवाही के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की सही वजह स्पष्ट हो पाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *