MP News: मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के कोलारस के तेंदुआ थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। थाना क्षेत्र के डेहरवारा गांव में रहने वाली एक महिला की बुधवार दोपहर को घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी गई। तीन आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया जो शादी का कार्ड देने के बहाने घर पर आए थे, आरोपियों के दरवाजा खटखटाने पर जैसे ही महिला ने दरवाजा खोला तो आरोपियों ने महिला के पैर छुए और फिर उसके सिर में गोली मारकर फरार हो गए। घटना के वक्त महिला के साथ घर में उसकी नातिन भी घर पर थी। परिजनों की मानें तो मामला जमीनी रंजिश से जुड़ा हुआ है और इस पूरे हत्याकांड में किसी परिचित का हाथ हो सकता है।

पैर छुए और सिर में मारी गोली
ग्राम डेहरवारा निवासी रामसखी धाकड़(65 वर्ष) बुधवार को अपने मकान में थी, घर में उसके साथ उसकी बहू और नातिन भी थी। दोपहर करीब तीन बजे बाइक सवार तीन युवक आए और शादी का कार्ड देने की बात कहकर दरवाजा खुलवाया। जैसे ही रामसखी बाहर आईं तो एक युवक ने उनके पैर छुए और तुरंत सिर में कट्टे से गोली मार दी। घटना के बाद आरोपी मौके से भाग गए। घटना इतनी जल्द हुई कि कोई कुछ समझ नहीं पाया। मौके पर मौजूद वृद्धा की नातिन राधिका धाकड़ मौजूद थी, जिसने पूरी वारदात देखी और गोली चलने के बाद घर के अन्य लोग भागकर मौके पर आए।
महिला ने की थी दूसरी शादी
परिजनों ने बताया कि रामसखी की दो शादियां हुईं थीं और अभी वह अपने दूसरे पति लक्ष्मीनारायण धाकड़ के साथ रह रही थी। लक्ष्मी नारायण की पहली पत्नी से तीन बेटे और दो बेटियां थीं, जबकि रामसखी अपने पहले पति से जन्मे बेटे मुनेश को अपने साथ लाई थी। रामसखी की लक्ष्मीनारायण से कोई संतान नहीं हुई, लेकिन उन्होंने सभी बच्चों का पालन-पोषण किया। वर्तमान में मुनेश धाकड़ इंदौर में अपने परिवार के साथ रहता है और हाल ही में अपनी मां के इलाज के लिए गांव आया हुआ था।

सौतेले बेटों पर हत्या का शक
इस पूरे घटनाक्रम में मृतिका के भाई महेश धाकड़ ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि लक्ष्मी नारायण के नाम की करीब 35 बीघा जमीन का बंटवारा हो चुका था, जिसमें रामसखी अपने हिस्से की जमीन बेटे मुनेश के नाम करना चाहती थीं और इसकी प्रक्रिया भी चल रही थी। पर रामसखी के सौतेले बेटे शिवराज धाकड़, साहब सिंह धाकड़ व रामकृष्ण धाकड़ जमीन मुनेश के नाम करने के विरोध में थे। इसी कारण से कई दिनों से रंजिश चल रही थी और इसी को लेकर यह हत्या की घटना हुई है। थाना प्रभारी तेंदुआ नीतू सिंह धाकड़ ने बताया कि मृतिका के शव का पीएम कराकर अज्ञात लोगों पर हत्या का केस दर्ज कर लिया है। जमीन का विवाद परिजनों ने बताया है। मामले में सभी के बयानों व अन्य पहलुओं पर जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जल्द ही आरोपियों को पकड़ा जाएगा।


