mp news: मध्य प्रदेश के राजगढ़ में सनसनीखेज मामले ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। ब्यावरा शहर में एक शादी समारोह में की गई एक लापरवाही ने खुशियों को मातम में बदल दिया। यहां एक युवक की लापरवाही ने व्यक्ति की जान ले ली। यही नहीं, एक शख्स बुरी तरह घायल भी हो गया। पुलिस अज्ञात व्यक्ति पर मामला दर्ज जांच में जुट चुकी है। घटना 21 अप्रेल की रात 1 से 1.10 बजे के बीच की बताई जा रही है।
हर्ष फायर में गई युवक की जान
मामला कुंभराज थाना क्षेत्र के ग्राम घाटाखेड़ी का है। यहां मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात हर्ष फायर के दौरान चली गोली से एक युवक की मौके पर मौत हो गई जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। मिली जानकारी के मलावर थाना क्षेत्र के गांव गिंदौरमीणा के रहने वाले राहुल मीणा(28) पिता गजराज मीणा की बारात 21 अप्रैल की रात घाटाखेड़ी गांव में मजबूतसिंह मीणा की बेटी शिवानी के विवाह के लिए पहुंची थी। रात करीब एक बजे बारात पहुंची। यहां स्वागत के दौरान घर के आंगन में बरात में ही आए एक अज्ञात युवक ने हर्ष फायर कर दिया। फायरिंग के दौरान चली गोली घाटाखेड़ी निवासी घनश्याम मीना (30) पिता बालकृष्ण मीना के कंधे के पास लगी। गंभीर चोट के चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, घटना में चंदनसिंह मीना निवासी कानाखेड़ी घायल हो गया। घायल चंदनसिंह को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
गिंदौरमीणा के युवक की लाइसेंसी बंदूक से फायर
मिली जानकारी के अनुसार, स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि बारात में शामिल गिंदौरमीणा निवासी श्रवण मीना द्वारा लाइसेंसी 12 बोर बंदूक से हर्ष फायर किया गया था। हालांकि, इस बात की पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और अज्ञात आरोपी के खिलाफ जांच जारी है। टीआई कुंभराज पंकज त्यागी का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और आरोपी की तलाश जारी है।
अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज
इस घटना में दुल्हन के गांव घाटाखेड़ी निवासी व्यक्ति की मौत हुई है। वह गांव का ही है और शादी में शामिल होने आया था। वहीं, गिंदौरमीणा से बरात में गए श्रवण मीणा द्वारा हर्ष फायर करने की बात की जा रीह है। जो सीधी घनश्याम को जाकर लगी। हालांकि कुंभराज थाना पुलिस ने फरियादी रामजीवन मीना (36) निवासी घाटाखेड़ी की रिपोर्ट पर अज्ञात के खिलाफ मामला पंजीबद्ध किया है। मामला सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।


