बीकेटी के गाजीपुर गांव में एक हल्दी समारोह के दौरान कुछ युवकों ने घर के बाहर हवाई फायरिंग कर दी। शुक्रवार रात हुई इस घटना से शादी की खुशियां दहशत में बदल गईं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। गांव के नीलकंठ की बेटी की शादी 26 अप्रैल को होनी है। शुक्रवार रात उनके घर में हल्दी की रस्म चल रही थी। इसी दौरान गांव के सुखदेव, अंकित और अनुज नामक युवक एक कार से मौके पर पहुंचे। आरोप है कि तीनों शराब के नशे में थे और उन्होंने घर के बाहर हवाई फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस कर रही आरोपियों की तलाश फायरिंग की आवाज सुनते ही समारोह में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। महिलाएं और बच्चे डर गए। जब परिजन बाहर निकले, तो आरोपी अपनी कार छोड़कर मौके से फरार हो चुके थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान घटनास्थल से एक खोखा (खाली कारतूस) बरामद हुआ, जिससे फायरिंग की पुष्टि हुई है। पुलिस को मौके से आरोपियों की एक गाड़ी भी मिली है। पीड़ित परिवार ने आशंका जताई है कि यह घटना शादी में बाधा डालने की साजिश हो सकती है। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।


