कबूतर पालने का शौक पड़ा भारी:तीन दिन बाद भी नहीं आए ऑनलाइन मंगाए कबूतर, साइबर ठगों ने 10,000 रुपए किया फ्रॉड

शौक पूरा करने की चाह में एक व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो गया। बरौली अहीर क्षेत्र में सामने आए इस मामले ने एक बार फिर ऑनलाइन खरीद-फरोख्त में बरती जा रही लापरवाही को उजागर कर दिया है। आरोप है कि कबूतर बेचने का झांसा देकर ठगों ने एडवांस रकम ऐंठ ली और फिर संपर्क पूरी तरह तोड़ लिया। बरौली अहीर निवासी उमेश यादव ने बताया कि उन्हें कबूतर पालने का शौक है और वे लंबे समय से अच्छे नस्ल के कबूतर खरीदना चाहते थे। इसी के चलते उन्होंने बुलंदशहर के गुलावठी क्षेत्र से कबूतर मंगवाने के लिए संपर्क किया। शुरुआती बातचीत में सामने वाले व्यक्ति ने भरोसा दिलाया कि पैसे मिलते ही कबूतर सुरक्षित तरीके से भेज दिए जाएंगे। उमेश के मुताबिक, उनसे “रोहित शर्मा” नाम के बैंक खाते में ₹10,000 ट्रांसफर कराए गए। यह पूरा लेन-देन “अमजद पेंट हाउस” नामक एक ग्रुप के माध्यम से कराया गया, जिससे उन्हें विश्वास हो गया कि सौदा सही है। उमेश ने बताया कि ग्रुप में जितने भी लोग जुड़े हुए थे अब उन सभी के नंबर बंद जा रहे हैं। पीड़ित का कहना है कि पैसे भेजने के तीन दिन बीत जाने के बाद भी कबूतर नहीं पहुंचे। इसके बाद जब उन्होंने कॉल और मैसेज के जरिए संपर्क करने की कोशिश की, तो आरोपी लगातार टालमटोल करते रहे और अब पूरी तरह फोन उठाना भी बंद कर दिया है। खुद को ठगी का शिकार समझते हुए उमेश यादव ने पुलिस में शिकायत करने का निर्णय लिया है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि अन्य लोग इस तरह के ऑनलाइन झांसे से बच सकें। फिलहाल, मामले में शिकायत की प्रक्रिया जारी है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *