शादी का झांसा देकर रामपुर की किशोरी से दुष्कर्म, आहत होकर लगाई आग, इलाज के दौरान मौत

शादी का झांसा देकर रामपुर की किशोरी से दुष्कर्म, आहत होकर लगाई आग, इलाज के दौरान मौत

बरेली। शादी का सपना दिखाकर किशोरी को अपने जाल में फंसाने और फिर दुष्कर्म के बाद शादी से मुकरने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि बरेली के शीशगढ़ निवासी युवक ने रामपुर की किशोरी को बहला-फुसलाकर रुद्रपुर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। जब किशोरी ने शादी का दबाव बनाया तो आरोपी पीछे हट गया। इससे आहत किशोरी ने खुद पर डीजल डालकर आग लगा ली। कई दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद शुक्रवार देर रात हल्द्वानी के अस्पताल में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

मृतका के भाई के मुताबिक, शीशगढ़ बरेली निवासी राकेश उसकी बहन के संपर्क में था। उसने शादी का भरोसा देकर किशोरी को अपने प्रेमजाल में फंसा लिया। आरोप है कि बीती 25 अप्रैल को वह किशोरी को लेकर ऊधमसिंह नगर जिले के रुद्रपुर पहुंचा, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया।

शादी से मुकरा तो टूट गई किशोरी

परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद जब किशोरी ने शादी की बात कही तो आरोपी ने साफ इनकार कर दिया। इससे किशोरी गहरे सदमे में चली गई। बताया जा रहा है कि 26 अप्रैल को उसने खुद पर डीजल डालकर आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसी हालत में उसे पहले जिला अस्पताल रामपुर में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने उसे हल्द्वानी के डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय (एसटीएच) रेफर कर दिया।

जिंदगी की जंग हार गई किशोरी

करीब तीन हफ्ते तक अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ने के बाद शुक्रवार देर रात किशोरी ने दम तोड़ दिया। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे मृतका के भाई ने आरोपी राकेश के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। हल्द्वानी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय ने बताया कि पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। वहीं, रामपुर के खजुरिया थाने में पहले ही मामले को लेकर तहरीर दी जा चुकी है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *