Rajasthan Roadways: राजस्थान रोडवेज में मुफ्त यात्रा के बदले नियम, 36 घंटे पहले अभ्यर्थियों को करना होगा रजिस्ट्रेशन

Rajasthan Roadways: राजस्थान रोडवेज में मुफ्त यात्रा के बदले नियम, 36 घंटे पहले अभ्यर्थियों को करना होगा रजिस्ट्रेशन

बीकानेर। प्रतियोगी परीक्षाओं में रोडवेज बसों से सफर करने वाले अभ्यर्थियों के लिए अब व्यवस्था पूरी तरह हाईटेक होने जा रही है। राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम ने परीक्षा यात्रियों की निःशुल्क यात्रा सुविधा को पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के लिए नया ऑनलाइन पंजीकरण पोर्टल शुरू किया है। अब केवल वैध रोल नंबर और सत्यापित पंजीकरण वाले परीक्षार्थियों को ही मुफ्त यात्रा सुविधा का लाभ मिल सकेगा। फर्जी एडमिट कार्ड और गैर-परीक्षार्थियों की मुफ्त यात्रा पर रोक लगाने के लिए यह नई व्यवस्था लागू की गई है।

निगम प्रशासन के अनुसार, परीक्षार्थियों को रोडवेज की वेबसाइट पर उपलब्ध प्रतियोगी परीक्षार्थी पंजीयन पोर्टल पर परीक्षा संबंधी जानकारी दर्ज कर पूर्व पंजीकरण करवाना होगा। पंजीकरण के दौरान एडमिट कार्ड अपलोड करना अनिवार्य रहेगा तथा ओटीपी आधारित सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही आवेदन मान्य होगा। परीक्षा शुरू होने से 36 घंटे पहले तक ही पंजीकरण किया जा सकेगा। इसके बाद पोर्टल स्वतः बंद हो जाएगा।

ऐसे चलेगी नई डिजिटल व्यवस्था

  • पंजीकृत अभ्यर्थियों के रोल नंबर ईटीआईएम मास्टर डाटाबेस से लिंक किए जाएंगे।
  • यह डाटा बसों में उपयोग होने वाली ईटीआईएम मशीनों में अपडेट होगा।
  • टिकट जारी करते समय परिचालक रोल नंबर का स्वतः सत्यापन करेंगे।
  • केवल वैध और पंजीकृत परीक्षार्थियों को ही निःशुल्क अथवा पात्रतानुसार टिकट मिलेगा।
  • अमान्य या गैर-पंजीकृत रोल नंबर मिलने पर यात्री को बिना टिकट श्रेणी में माना जाएगा।
  • ऐसे यात्रियों से पूरा किराया वसूला जाएगा और नियमानुसार कार्रवाई भी की जा सकेगी।

एमआईएस रिपोर्ट से रहेगी हर गतिविधि पर नजर

नई प्रणाली के जरिए कुल पंजीकरण और जारी टिकटों की डिजिटल मॉनिटरिंग की जाएगी। पोर्टल से एमआईएस रिपोर्ट तैयार होगी, जिसका उपयोग जांच, ऑडिट और अन्य कार्यों में किया जाएगा। परीक्षा समाप्त होने के बाद ईटीआईएम मशीनों से प्राप्त डाटा का पोर्टल डाटा से मिलान कर विसंगतियों का निस्तारण किया जाएगा। निगम अधिकारियों के अनुसार यह व्यवस्था प्रबंध निदेशक की अनुमति से लागू की गई है।

इसलिए पड़ी नई व्यवस्था की जरूरत

प्रतियोगी परीक्षाओं के दौरान रोडवेज बसों में निःशुल्क यात्रा सुविधा के दुरुपयोग की शिकायतें लगातार सामने आ रही थीं। कई मामलों में फर्जी एडमिट कार्ड के जरिए यात्रा करने और गैर-परीक्षार्थियों की ओर से सुविधा लेने की शिकायतें मिली थीं। नई व्यवस्था लागू होने से केवल वास्तविक परीक्षार्थियों को ही लाभ मिलेगा। साथ ही रोडवेज को यात्रियों की संख्या, बसों की उपलब्धता और रूट प्लानिंग में भी मदद मिलेगी।

सख्ती से पालना होगी

प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की यात्रा को लेकर नए नियम लागू कर दिए गए हैं। इनकी सख्ती से पालना कराई जाएगी। -इन्द्रा गोदारा, मुख्य प्रबंधक, बीकानेर आगार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *