Dungarpur News : युवती को भगाने के विवाद में भड़का विवाद, गुस्साए लोगों ने दो मकानों में लगाई आग

Dungarpur News : युवती को भगाने के विवाद में भड़का विवाद, गुस्साए लोगों ने दो मकानों में लगाई आग

डूंगरपुर। जिले में दोवड़ा थाना क्षेत्र के हड़मतिया ऊबापाणा फला में युवती को भगाने के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मामले में आरोपियों ने मंगलवार रात को युवक के घर पर हमला कर दिया। इस दौरान दो घरों में आग लगा दी गई। आरोप है कि हमलावरों ने पहले जमकर तोड़फोड़ की और उसके बाद दो मकानों में आग लगा दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया।

इसके बाद युवक के पिता की रिपोर्ट पर आरोपियों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है ।

थानाधिकारी परमेश्वर पाटीदार ने बताया कि हड़मतिया उबापाणा फला निवासी गौरीशंकर के बड़े बेटे प्रेम का एक युवती के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। प्रेम 4 मई को युवती को अपने साथ ले गया था । मामले में दोनों पक्षों में समझौता वार्ता चल रही थी।

जान बचाकर भागे घरवाले

इसी दौरान प्रेम का परिवार मंगलवार रात को खाना खाकर सो रहा था। रात करीब 10 बजे युवती पक्ष के लोग धारदार हथियारों के साथ घर पहुंचे और हमला कर दिया। आरोपियों ने तोड़फोड़ कर दो घरों में आग लगा दी। घटना के बाद परिवार के लोग वहां से जान बचाकर भाग निकले।

दोनों घर जलकर राख

आग इतनी भीषण थी कि दोनों मकान जलकर राख हो गए। घरों में रखा सामान भी आग की चपेट में आ गया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वहीं, सूचना पर दोवड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को मदद से आग बुझाने के प्रयास किए, लेकिन जब तक आग पर काबू पाया जाता तब तक काफी नुकसान हो चुका था । पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल पर जांच के दौरान जले हुए मकानों और घरेलू सामान का निरीक्षण किया गया।

घटना के बाद पुलिस बल तैनात

पुलिस ने बुधवार सुबह युवक पिता की रिपोर्ट पर 7 नामजद सहित अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *