प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर टिप्पणी से गरमाई सियासत, मऊ में VIP चीफ ने CM योगी के मंत्री संजय निषाद को दी खुली चुनौती

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर टिप्पणी से गरमाई सियासत, मऊ में VIP चीफ ने CM योगी के मंत्री संजय निषाद को दी खुली चुनौती

Political News: उत्तर प्रदेश की सियासत में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होती जा रही हैं। इसी क्रम में बिहार के पूर्व मंत्री और वीआईपी (विकासशील इंसान पार्टी) प्रमुख और राहुल गांधी के करीबी मुकेश साहनी (Mukesh Sahani) ने मऊ पहुंचकर भाजपा और निषाद राजनीति पर तीखा हमला बोला। एक स्थानीय प्लाजा में आयोजित पार्टी बैठक में उन्होंने यूपी सरकार के कैबिनेट मंत्री संजय निषाद को खुली चुनौती दी है। मुकेश सहनी ने कहा कि वे (संजय निषाद) 6 महीने के भीतर उनके साथ आ जाएं, अन्यथा VIP उत्तर प्रदेश में उनके खिलाफ चुनावी मैदान में उतरेगी।

यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर बैठक

VIP के मऊ प्रभारी जिलाध्यक्ष संतोष साहनी के नेतृत्व में आयोजित इस बैठक में जिलेभर से पहुंचे पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान सभा को संबोधित करते हुए मुकेश साहनी ने कहा कि उनकी लड़ाई निषाद समाज के हक और आरक्षण के लिए है। उन्होंने आरोप लगाया कि निषाद समाज के मुद्दों को लेकर भाजपा सरकार गंभीर नहीं है।

मुकेश साहनी ने कहा कि यदि 2027 से पहले उत्तर प्रदेश में आरक्षण लागू नहीं किया गया तो निषाद समाज भाजपा के खिलाफ मतदान करेगा। उन्होंने दावा किया कि संजय निषाद को राजनीतिक पहचान दिलाने में उनकी बड़ी भूमिका रही है। उन्होंने कहा- जब डॉक्टर साहब जेल में थे, तब हमने उन्हें बाहर निकलवाया, पार्टी बनवाई, रैलियां कराईं और समाज में उन्हें बड़ा चेहरा बनाया। उनके बेटे को सांसद बनवाने तक में हमारा योगदान रहा, क्योंकि हमें अपने समाज के लिए आरक्षण चाहिए था।

केंद्र सरकार पर मुकेश साहनी का निशाना

सभा के दौरान उन्होंने केंद्र सरकार और भाजपा( BJP) पर भी तीखे हमले किए। उन्होंने कहा कि 2029 में विपक्षी दलों को एकजुट कर राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए उनकी पार्टी मैदान में उतर चुकी है। वहीं, एक पत्रकार द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर पूछे गए सवाल पर मुकेश साहनी ने विवादित टिप्पणी करते हुए उन्हें ‘शैतान’ बताया। उन्होंने कहा- शैतान से तो भगवान भी हार जाता है। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है और बयान को लेकर नई सियासी बहस छिड़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *