पोकरण कस्बे में परशुराम चौक के पास फोर्ट रोड पर दो दिन पूर्व अवैध रूप से गाड़ी में गैस भरने के दौरान आग लगी थी। आग की घटना में तीन वाहन पूरी तरह से जल गए और पास स्थित मकान को भी नुकसान पहुंचा है, जिसको लेकर थानाधिकारी ने खुद मामला दर्ज किया है। गौरतलब है कि सोमवार को दोपहर करीब साढ़े तीन बजे परशुराम चौक के पास फोर्ट रोड पर एक वैन में लगे गैस किट में अचानक आग लग गई। इसके बाद आग ने पास खड़ी एक अन्य वैन और थ्री-व्हीलर टैक्सी को चपेट में लिया, जिससे तीनों वाहन जल गए। साथ ही पास स्थित मकान की खिड़कियां जल गई थी और मकान को भी काफी नुकसान पहुंचा था। जब पुलिस ने इस संबंध में जांच की तो पता चला कि वैन में लगे गैस किट में अवैध रूप से गैस भरी जा रही थी। इस दौरान रिसाव हो जाने से आग लग गई। आग ने भीषण रूप ले लिया था। अवैध रूप से गैस भरने वाला युवक भी आग की चपेट में आकर झुलस गया था। आग के कारणों का खुलासा होने के बाद थानाधिकारी ने स्वयं मामला दर्ज किया है, जिसकी जांच की जा रही है।
मानव जीवन को खतरे में डाला
थानाधिकारी भारतसिंह रावत ने रिपोर्ट में बताया कि सोमवार को दोपहर बाद 3.25 बजे सूचना मिली कि फोर्ट रोड पर आग लग गई है। जिस पर वे सहायक उपनिरीक्षक नींबदान व पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। यहां महेन्द्र व्यास के मकान के पास वैन में आग लगी हुई थी और पास खड़ी एक अन्य वैन व टैक्सी भी जल रहे थे। व्यास के मकान को भी आग से नुकसान पहुंचा। उन्होंने बताया कि मंगलवार को घटना के बारे में जानकारी ली तो सूचना मिली कि दर्जियों की गली निवासी राजा व उसका छोटा भाई खुशाल पुत्र नंदकिशोर दर्जी दोनों अवैध रूप से एलपीजी गैस सिलेंडर से गाडिय़ों में गैस भरने का कार्य करते है। राजा के पास वैन गाड़ी है और उसमें भी अवैध रूप से गैस किट लगा हुआ था। सोमवार को भी खुशाल व राजा अपनी वैन में रखे गैस सिलेंडर से अवैध रूप से अपनी ही गाड़ी में गैस भर रहे थे। इस दौरान अचानक आग लग गई। आग से खुशाल के हाथ व मुंह जल गए थे।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
रिपोर्ट में बताया कि राजा व खुशाल की ओर से घनी आबादी क्षेत्र में उपेक्षापूर्ण मानव जीवन को संकट में डालने का कार्य किया गया। जिससे तीन वाहन जल गए और मकान को नुकसान पहुंचा है। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक नींबदान की ओर से की जा रही है।


