कानपुर देहात के रनियां औद्योगिक क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग द्वारा 18 से 28 मार्च तक विशेष अभियान चलाया गया था। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों के रक्त और पेशाब के नमूने लिए गए। जांच रिपोर्ट आने के बाद बड़ा खुलासा हुआ कि 336 लोगों में लोगों के शरीर में क्रोमियम और मरकरी जैसे हानिकारक तत्व पाए गए हैं, जो गंभीर स्वास्थ्य खतरे की ओर इशारा करते हैं। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है।
कितने लोगों में मिला खतरनाक स्तर
जांच रिपोर्ट के अनुसार 336 में से 315 लोगों में क्रोमियम की मात्रा तय मानक से अधिक पाई गई। वहीं 18 लोगों में मरकरी की मात्रा भी सामान्य से ज्यादा दर्ज की गई। विशेषज्ञों के मुताबिक, कुछ मामलों में क्रोमियम का स्तर 20 माइक्रोग्राम प्रति लीटर से अधिक पाया गया, जो स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक माना जाता है।
स्वास्थ्य पर पड़ सकता है गंभीर असर
सीएमओ डॉ. एके सिंह के अनुसार, शरीर में अधिक मात्रा में क्रोमियम पहुंचने पर त्वचा में खुजली, चकत्ते, दांतों पर असर और मसूड़ों में सूजन जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इसके अलावा लंबे समय तक संपर्क में रहने पर यह किडनी और लिवर को भी नुकसान पहुंचा सकता है। मरकरी की अधिक मात्रा मानसिक और तंत्रिका तंत्र को प्रभावित कर सकती है।
किन क्षेत्रों में चलाया गया अभियान
रनियां औद्योगिक क्षेत्र के आसपास स्थित गांवों और बस्तियों में स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाया गया था। टीम ने शिविर लगाकर ग्रामीणों के नमूने एकत्र किए और उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया था। अधिकारियों ने लोगों को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने, साफ-सफाई बनाए रखने और सुरक्षित पेयजल के उपयोग की सलाह दी थी। साथ ही, किसी भी तरह के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने के निर्देश दिए गए थे।
आगे क्या कदम उठाए जा रहे हैं
स्वास्थ्य विभाग ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को अलर्ट करते हुए प्रभावित लोगों की लगातार निगरानी के निर्देश दिए हैं। साथ ही, जरूरत पड़ने पर इलाज और अतिरिक्त जांच की व्यवस्था भी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल किसी में गंभीर लक्षण नहीं मिले हैं, लेकिन स्थिति पर नजर रखी जा रही है।


