सूरजपुर। सूरजपुर जिले के चांदनी बिहारपुर क्षेत्र के मोहरसोप चौकी अंतर्गत सोमवार की रात बारातियों से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे (Pickup accident) में महिला समेत 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक दर्जन लोग घायल हो गए। घायलों को 4 को गंभीर हालत में सूरजपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पिकअप में महिला-पुरुष समेत 30 लोग सवार थे। हादसे में मौत से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। मंगलवार को पीएम पश्चात मृतकों का शव उनके परिजन को सौंपा गया।
सूरजपुर जिले के ग्राम बिहारपुर पंडो परिवार के 30 महिला-पुरुष सोमवार को पिकअप क्रमांक एमपी 66 जी-0850में सवार होकर शादी समारोह में बतौर बाराती (Pickup accident) शामिल होने ग्राम रसौकी गए थे। शादी में शामिल होकर सभी पिकअप से रात को घर लौट रहे थे। इसी दौरान मोहरसोप चौकी अंतर्गत उमझर घाट के पास पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई।
इससे मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में पिकअप सवार महिला सीता कुंवर पंडो व रामशरण पंडो की मौके पर ही मौत (Pickup accident) हो गई, जबकि दर्जनभर लोग घायल हो गए। इनमें से 4 लोगों की हालत गंभीर है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तथा अन्य लोगों की मदद से घायलों को स्थानीय अस्पताल पहुंचाया। यहां से गंभीर 4 घायलों को जिला अस्पताल सूरजपुर में भर्ती कराया गया है।
Pickup accident: पिकअप में ढोए जा रहे ग्रामीण
बताया जा रहा है कि जिस घाट पर यह हादसा हुआ, वहां कच्ची सडक़ है। बारिश के कारण वहां कीचड़ हो गया था, इस वजह से ड्राइवर नियंत्रण नहीं रख पाया। इस मामले (Pickup accident) में पुलिस का कहना है कि मालवाहक वाहनों में सवारी ढोना प्रतिबंधित है, इसके बावजूद लोग नियमों की अनदेखी कर अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं।
लगातार समझाइश और चालानी कार्रवाई के बाद भी इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और मालवाहक वाहनों में यात्रा न करें।


