निवाड़ी जिले की पृथ्वीपुर तहसील का फव्वारा चौराहा इन दिनों गंभीर ट्रैफिक अव्यवस्था का केंद्र बन गया है। यहां हर दिन सुबह से देर शाम तक वाहनों की लंबी कतारें लगती हैं, जिससे सैकड़ों लोग घंटों जाम में फंसे रहते हैं। यह चौराहा अब स्थानीय लोगों के लिए एक बड़ी परेशानी का सबब बन चुका है। जाम की मुख्य वजहों में बेतरतीब ढंग से चलने वाले दोपहिया वाहन, सड़क किनारे कारों की अवैध पार्किंग और ठेले-खोमचे वालों का अतिक्रमण शामिल है। दोपहिया वाहन चालक बिना किसी नियम के इधर-उधर से निकलने की कोशिश करते हैं, जिससे स्थिति और बिगड़ जाती है। यातायात व्यवस्था की यह स्थिति इतनी भयावह है कि लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में सामान्य से कई गुना अधिक समय लग रहा है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि इस पूरे इलाके में यातायात पुलिस की मौजूदगी लगभग न के बराबर है, जिससे वाहनों का संचालन मनमाने ढंग से हो रहा है। स्थानीय लोगों में इस अव्यवस्था को लेकर भारी नाराजगी है। उनका कहना है कि अगर समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो यह जाम किसी बड़े हादसे का कारण भी बन सकता है। इस संबंध में पृथ्वीपुर थाना प्रभारी जितेंद्र गुर्जर ने बताया कि चौराहे पर पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। उन्होंने कहा कि अगर इसके बावजूद भी जाम की स्थिति बन रही है, तो इसे जल्द ही दूर किया जाएगा, क्योंकि अब तक लंबे जाम की कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।


