बदायूं में अग्निशमन सेवाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से विभाग में दो नए वाटर टेंडर शामिल किए गए हैं। इसके साथ ही जिले में वाटर टेंडर की कुल संख्या बढ़कर छह हो गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अंकिता शर्मा ने एक वाटर टेंडर और एक रेस्क्यू वाटर टेंडर सहित इन दोनों नई गाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन आधुनिक वाहनों के बेड़े में शामिल होने से जिले की आपदा प्रबंधन और राहत व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी। इस अवसर पर एसएसपी शर्मा ने कहा कि आमजन की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि इन नई गाड़ियों की मदद से आगजनी, सड़क हादसे, भवन दुर्घटना और अन्य आपात स्थितियों में फायर सर्विस अब और अधिक तेजी से राहत कार्य कर सकेगी। इससे जनहानि और संपत्ति के नुकसान को कम करने में सहायता मिलेगी। रेस्क्यू वाटर टेंडर की विशेषता यह है कि इसे केवल आग बुझाने के लिए ही नहीं, बल्कि बचाव कार्यों के लिए भी विशेष रूप से डिजाइन किया गया है। इसमें हाई प्रेशर पंप, आधुनिक फायर फाइटिंग सिस्टम, कटिंग टूल्स, हाइड्रोलिक रेस्क्यू उपकरण, सीढ़ी, स्ट्रेचर, प्राथमिक उपचार सामग्री और सर्च लाइट जैसे आपदा राहत उपकरण उपलब्ध हैं। यह वाहन सड़क दुर्घटनाओं में फंसे लोगों को निकालने, इमारतों में फंसे लोगों तक पहुंचने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने में अत्यंत प्रभावी साबित होगा। एसएसपी ने अग्निशमन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे पूरी निष्ठा, जिम्मेदारी और तत्परता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें और हर आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया दें। इस कार्यक्रम के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. हृदेश कठेरिया, मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) रामराजा यादव सहित अग्निशमन विभाग के अन्य अधिकारी और पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।


