हाथरस की प्रभारी मंत्री बेबी रानी मौर्य ने महिला आरक्षण विधेयक का विरोध करने पर विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने विपक्ष के इस रुख को महिलाओं का अपमान बताते हुए इसे ‘दूषित मानसिकता’ करार दिया। मंत्री मौर्य भाजपा कार्यालय में मीडियाकर्मियों से बातचीत कर रही थीं। मौर्य ने आरोप लगाया कि कांग्रेस, सपा, टीएमसी, डीएमके ने देश की आधी आबादी के साथ विश्वासघात किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा इस मुद्दे को लेकर देशभर में जनता के बीच जाएगी और बताएगी कि किस तरह विपक्ष महिलाओं को उनका अधिकार मिलने से रोक रहा है। भाजपा कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को महिला बिल के महत्व और विपक्ष के विरोध के बारे में जागरूक करेंगे। मंत्री ने जोर देकर कहा कि यह सिर्फ एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि महिलाओं के सम्मान और अधिकारों की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अधिक प्रतिनिधित्व देने के उद्देश्य से ही यह विधेयक लाया गया था लेकिन इस मामले में विपक्ष ने अपनी महिला विरोधी मानसिकता का परिचय दिया। मंत्री मौर्य ने कांग्रेस,सपा ने अपने शासनकाल में कभी महिलाओं को उचित सम्मान नहीं दिया। वहीं, भाजपा लगातार महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रियंका गांधी और डिंपल यादव ने तो इस विधेयक के गिरने पर संसद में मेज थपथपाकर इसका स्वागत किया था। महिलाओं के साथ नहीं हो रहे अपराध उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिलाओं के साथ अपराध नहीं हो रहे हैं, और यदि कोई अपराध होता भी है तो पुलिस तत्काल मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करती है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी जी ने कह रखा है कि यदि कोई भी हमारी बहन-बेटी की तरफ गलत नजर से देखेगा तो उसे सीधे यमराज के पास भेज देंगे। उन्होंने कहा कि पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों का इस विधेयक से कोई संबंध नहीं था। उन्होंने कहा कि परिसीमन में किसी भी पुरुष की सीट समाप्त नहीं होती और महिलाओं की सीटें बढ़ जाती। इस मौके पर सांसद अनूप प्रधान, विधायक वीरेंद्र सिंह राणा, अंजुला माहौर, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाहा, नगर पालिकाध्यक्ष श्वेता दिवाकर, ब्लॉक प्रमुख पूनम पांडे आदि मौजूद थे।


