लखीमपुर-खीरी तिकुनिया हिंसा- आज दर्ज होंगे पूर्व डीएम के बयान:मामले की सुनवाई निर्णायक दौर में, अभियोजन ने 45 गवाह पेश किए

लखीमपुर-खीरी तिकुनिया हिंसा- आज दर्ज होंगे पूर्व डीएम के बयान:मामले की सुनवाई निर्णायक दौर में, अभियोजन ने 45 गवाह पेश किए

लखीमपुर खीरी में बहुचर्चित तिकुनिया हिंसा कांड की सुनवाई निर्णायक दौर में पहुंच गई है। जिला जज शिवकुमार सिंह की अदालत में मंगलवार को दोनों मुकदमों पर सुनवाई हुई, जिसमें गवाहों के बयान और जिरह की प्रक्रिया आगे बढ़ी। पूर्व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री के पुत्र आशीष मिश्र सहित 13 आरोपियों के खिलाफ चल रहे मुख्य मुकदमे में गवाह अनिल कुमार सिंह को अदालत में पेश होना था, लेकिन उनकी अनुपस्थिति के कारण बयान दर्ज नहीं हो सके। अदालत ने अगली सुनवाई 13 मई निर्धारित की है। इस दौरान तत्कालीन जिलाधिकारी अरविंद चौरसिया के बयान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से दर्ज किए जाएंगे। अभियोजन पक्ष अब तक 45 गवाहों को अदालत में पेश कर चुका है। हिंसा कांड से जुड़े क्रॉस केस में भी सुनवाई में तेजी आई है। अभियोजन के 27वें गवाह और मुख्य विवेचक सुधीर चंद्र पाण्डेय से बचाव पक्ष ने जिरह की। समय की कमी के कारण जिरह पूरी नहीं हो सकी, जिसके बाद अदालत ने अगली तारीख 18 मई तय की है। उल्लेखनीय है कि 3 अक्टूबर 2021 को तिकुनिया में कृषि कानूनों के विरोध प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा में चार किसानों और एक पत्रकार सहित कुल आठ लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना ने राष्ट्रीय स्तर पर ध्यान आकर्षित किया था। अब दोनों मुकदमों की समानांतर सुनवाई जिला जज की अदालत में जारी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *