जोधपुर। राज्य सरकार की ‘मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि’ योजना के तहत किसानों को बड़ी राहत मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बुधवार को जोधपुर जिले के ओसियां में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह में योजना की छठी किस्त जारी करेंगे। इस दौरान प्रदेश के 66.56 लाख किसानों के खातों में 665 करोड़ रुपए से अधिक की राशि सीधे हस्तांतरित की जाएगी। इससे पहले पांच किस्तों में कुल 2726 करोड़ रुपए किसानों को दिए जा चुके हैं।
यह वीडियो भी देखें
राज्य सरकार का कहना है कि इस योजना का उद्देश्य किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और उनकी आय में स्थिरता लाना है। योजना की शुरुआत 30 जून 2024 को टोंक में की गई थी, जहां पहली किस्त के रूप में 65 लाख से अधिक किसानों को लगभग 653 करोड़ रुपए दिए गए। इसके बाद 13 दिसंबर 2024 को दूसरी और तीसरी किस्त के रूप में एकमुश्त 702 करोड़ रुपए जारी किए गए। चौथी किस्त 18 अक्टूबर 2025 को धनतेरस के दिन नदबई में 718 करोड़ रुपए के साथ जारी की गई, जबकि 22 जनवरी 2026 को पांचवीं किस्त सिरोही में 653 करोड़ रुपए के रूप में किसानों को दी गई।
राज्य सरकार दे रही अतिरिक्त सहायता
राज्य में पहले से लागू प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को सालाना 6 हजार रुपए मिलते हैं। इसके अतिरिक्त राज्य सरकार ने ‘मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि’ योजना लागू कर किसानों को 3 हजार रुपए और देना शुरू किया है। इस तरह अब किसानों को कुल 9 हजार रुपए प्रतिवर्ष मिल रहे हैं। सरकार ने संकेत दिए हैं कि भविष्य में इस राशि को बढ़ाकर 12 हजार रुपए तक किया जा सकता है।
योजना के लाभ के लिए आवश्यक पात्रता
योजना का लाभ उन किसानों को मिलेगा, जिनके पास 1 फरवरी 2019 से पहले भूमि है या उसके बाद विरासत में प्राप्त हुई है। परिवार में पति, पत्नी और नाबालिग बच्चों को एक इकाई माना गया है, जिसमें एक ही व्यक्ति पात्र होता है। पंजीयन के लिए किसान पीएम-किसान पोर्टल या नजदीकी ई-मित्र व कॉमन सर्विस सेंटर पर आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए आधार कार्ड, फार्मर आईडी और डीबीटी सक्षम बैंक खाता जरूरी है।
योजना से बदल रहा है किसानों का जीवन
सरकार के अनुसार इस योजना से किसानों को न केवल आर्थिक सहायता मिल रही है, बल्कि उनका आत्मविश्वास भी बढ़ रहा है। अतिरिक्त राशि से वे कृषि कार्यों के साथ-साथ दैनिक जरूरतों को भी आसानी से पूरा कर पा रहे हैं।


