केजरीवाल ने राज्यसभा की सीटें अरबपतियों को बेचीं, फिर सांसदों को भाजपा में भेजा: माकन

केजरीवाल ने राज्यसभा की सीटें अरबपतियों को बेचीं, फिर सांसदों को भाजपा में भेजा: माकन

नई दिल्ली। कांग्रेस के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष अजय माकन ने आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सांसदों के भाजपा में शामिल होने को जनादेश के साथ खिलवाड़ बताया है। आप के सांसदों के चुनावी हलफनामों का हवाला देते हुए माकन ने कहा कि इनकी औसत नेटवर्थ 818 करोड़ 50 लाख 35 हजार 420 रुपए हैं। यह आम आदमी नहीं, बल्कि धनकुबेरों और अरबपतियों की पार्टी बन चुकी है। अरविंद केजरीवाल शीशमहल में रहते हैं, पैसे लेकर राज्यसभा की सीटें अरबपतियों को बेचते हैं और बाद में अपने सांसदों को भाजपा की झोली में डाल देते हैं।

माकन ने यह बातें पार्टी मुख्यालय में पत्रकार वार्ता में कही। माकन ने कहा कि भाजपा ने ठीक वही किया है, जो अलगाववादी ताकतें सिद्ध करना चाहती हैं। अलगाववादी ताकतें कहती हैं कि लोगों को सुना नहीं जाता, उन्हें न्याय नहीं मिलता। उन्होंने कहा कि 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में भाजपा को मात्र 6.6 प्रतिशत वोट मिले थे और उसके केवल दो उम्मीदवार चुनाव जीते थे। जिस अनुपात में लोगों ने वोट दिया होता है, उसी अनुपात में राज्यों से विधायक अपने प्रतिनिधि चुनकर राज्यसभा में भेजते हैं, लेकिन आम आदमी पार्टी के सांसदों को अपने साथ मिलाकर भाजपा ने राज्यसभा में पंजाब का 86 प्रतिशत प्रतिनिधित्व हासिल कर लिया है। उन्होंने सवाल किया कि भाजपा पंजाब की जनता को कैसे यह समझाएगी कि उनके वोट की कीमत क्या रह गई है? उन्होंने कहा कि सरहदी राज्य पंजाब देश-विरोधी ताकतों का निशाना रहा है। एक बार फिर से खालिस्तान समर्थक तत्व अलग-अलग देशों में सक्रिय हो रहे हैं। अलगाववाद से पहले ड्रग्स की तस्करी, गैंगवार और अपराध बढ़ते हैं। आज फिर 1980 के दशक जैसी स्थिति बन रही है।

सुशील ने बताया था आप से हो गई सेटिंग

माकन ने बताया कि 2017 में तत्कालीन कांग्रेस नेता सुशील गुप्ता ने उनसे कहा था कि उनकी आप से सेटिंग हो गई है और एक माह बाद वे राज्यसभा सांसद चुन लिए गए थे। आप ने योगेंद्र यादव, प्रशांत भूषण और आशुतोष जैसे योग्य लोगों को छोडक़र सिर्फ धन के बदले राज्यसभा की सीटें दीं। माकन ने केजरीवाल पर डॉ. मनमोहन सिंह और शीला दीक्षित जैसे सबसे ईमानदार नेताओं को बदनाम करने का आरोप भी लगाया।

आप वहीं लड़ती है जहां भाजपा को फायदा मिले

माकन ने कहा कि जब भाजपा इनके खिलाफ खुद कुछ नहीं कर पाई, तो उसने आप को प्रॉक्सी के रूप में आगे कर दिया। उन्होंने गुजरात, हरियाणा, गोवा का उदाहरण देते हुए कहा कि आप केवल उन्हीं राज्यों में चुनाव लड़ती है, जहां कांग्रेस और भाजपा की सीधी टक्कर होती है, ताकि कांग्रेस के वोटों को काटकर भाजपा को फायदा पहुंचाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *