JEE Mains 2026 Topper: जेईई मेन्स में पहली रैंक हासिल करने वाले कौन हैं कबीर छिल्लर ? बताई इस सफलता के पीछे की स्ट्रेटेजी

JEE Mains 2026 Topper: जेईई मेन्स में पहली रैंक हासिल करने वाले कौन हैं कबीर छिल्लर ? बताई इस सफलता के पीछे की स्ट्रेटेजी

कोटा। कोटा कोचिंग के क्लासरूम स्टूडेंट कबीर छिल्लर ने जेईई मेन सेशन-1 में परफेक्ट स्कोर 300 में से 300 अंक प्राप्त कर ऑल इंडिया रैंक-1 प्राप्त की है। सेशन-2 की परीक्षा में शामिल नहीं हुए। परिवार मूलतः दिल्ली-एनसीआर गुरुग्राम से है। पिछले दो वर्षों से कोटा में रहकर तैयारी की। कबीर की यह उपलब्धि लगातार मेहनत, सटीक रणनीति और सेल्फ एनालिसिस का परिणाम है।

कबीर के पिता मोहित छिल्लर आइआइटीयन हैं और वर्तमान में दिल्ली एनसीआर में एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं, जबकि मां प्रियंका छिल्लर प्राइवेट स्कूल में टीचर हैं। कबीर को 10वीं में 98 प्रतिशत अंक मिले थे। कबीर ने बताया कि मेरी सक्सेस के पीछे शिक्षकों के मार्गदर्शन का बहुत बड़ा हाथ है।

मॉक टेस्ट से मिली मदद

कबीर ने बताया कि हर टेस्ट के बाद खुद का एनालिसिस किया और जहां कमी थी, उसी पर सबसे ज्यादा फोकस किया। मैं हर एग्जाम से पहले स्टडी स्ट्रेटेजी को फाइन ट्यून करता हूं। नियमित मॉक टेस्ट देने के साथ हर पेपर का डीपली एनालिसिस किया, जिससे मेरी एक्यूरेसी और टाइम मैनेजमेंट दोनों बेहतर होते चले गए।

कॉन्सेप्ट क्लियर करने पर जोर

उन्होंने बताया कि कॉन्सेप्ट क्लियर होना सबसे जरूरी है। रटने की बजाय हर टॉपिक को समझना और उसे एप्लाई करना ही मेरी सबसे बड़ी ताकत रही। पढ़ाई को छोटे-छोटे टारगेट्स में बांटा, शॉर्ट नोट्स बनाए और नियमित रिवीजन को अपनी आदत बनाया। गलतियों को दोहराने से बचने के लिए मैं हर टेस्ट के बाद कमजोरियों पर फोकस करता था।

दोस्तों के साथ समय बिताते हैं कबीर

कबीर ने कहा- ‘मैं दोस्तों के साथ समय बिताता हूं, जिससे मानसिक रूप से रिफ्रेश रहने में मदद मिलती है। आइआइटी मुम्बई से कम्प्यूटर साइंस ब्रांच में बीटेक करने के बाद वर्ल्ड की नंबर-1 मैसाच्युसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एमआइटी) से उच्च शिक्षा प्राप्त करना चाहता हूं।’

सोमवार शाम को जारी हुआ रिजल्ट

दरअसल, एनटीए की ओर से जेईई मेन्स 2026 का परीक्षा परिणाम सोमवार देर शाम जारी कर दिया गया। इस बार 100 परसेंटाइल प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की संख्या के अनुसार आंध्रप्रदेश और तेलंगाना शीर्ष पर रहे। इन दोनों ही राज्यों से पांच-पांच विद्यार्थियों ने 100 परसेंटाइल प्राप्त किया है।

100 परसेंटाइल क्लब में लड़कियां नहीं

राजस्थान इस सूची में दूसरे स्थान पर है। राजस्थान से 4 विद्यार्थियों ने 100 परसेंटाइल प्राप्त किया है। इनमें कबीर छिल्लर, अर्णव गौतम, यशवर्धन व चिरंजीब कार शामिल हैं। अर्णव कोटा के ही निवासी हैं। कोटा कोचिंग क्लास रूम स्टूडेंट कबीर छिल्लर ने ऑल इंडिया पहली रैंक हासिल की है। कबीर ने 300 में से 300 नम्बर अर्जित किए हैं। परिणाम में 100 परसेंटाइल क्लब में कोई फीमेल कैंडिडेट नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *