गोरखपुर विकास प्राधिकरण (GDA) की ओर से विकसित की जा रही खोराबार टाउनशिप एवं मेडिसिटी योजना में ईडब्ल्यूएस, एलआईजी एवं मिनी एमआईजी फ्लैटों का निर्माण अंतिम चरण में है। मंगलवार की शाम योजना की प्रगति का निरीक्षण करने पहुंचे GDA उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल ने काम को समय से पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कुछ फ्लैटों के आवंटियों को दीपावली तक कब्जा दे दिया जाए। शेष काम में भी तेजी जायी जाए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति देखी। लगभग 1 घंटे तक परियोजना के विभिन्न ब्लाकों में जाकर वहां हो रहे निर्माण कार्य देखे। आधारभूत संरचना को लेकर किए जा रहे कार्य भी देखे। उन्होंने बिजली व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। मौके पर 600 केवीए के 6 ट्रांसफार्मर लगाने की योजना थी। उपाध्यक्ष ने बड़े-बड़े 3 ट्रांसफार्मर लगाने को कहा। विद्युत अभियंताओं से कहा गया कि 1500 केवीए के 3 ट्रांसफार्मर लगाए जाएं। इससे जो जगह बचेगी, उसका कुछ और उपयोग कर सकते हैं। खोराबार टाउनशिप में हैं 2000 फ्लैट खोराबार टाउनशिप योजना में लगभग 2000 फ्लैट और 312 आवासीय भूखंड विकसित किए जा रहे हैं। इनमें विभिन्न आय वर्गों के लिए आवास उपलब्ध कराए जा रहे हैं। परियोजना से जुड़ी मेडिसिटी योजना में क्लीनिक लेन के अंतर्गत 46 बड़े भूखंड भी विकसित किए गए हैं, जहां अस्पताल, नर्सिंग होम, डायग्नोस्टिक सेंटर समेत अन्य स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित संस्थान स्थापित किए जा सकेंगे। इन भूखंडों पर आवासीय निर्माण की भी अनुमति होगी। मिनी एमआइजी श्रेणी में दो ब्लाकों में कुल 420 आवास बनाए जा रहे हैं। एलआइजी श्रेणी में कुल 480 फ्लैट प्रस्तावित हैं। पहले ब्लाक का निर्माण पूरा हो चुका है जबकि दूसरे ब्लाक में 13वीं मंजिल तक संरचना कार्य पूरा कर लिया गया है। दोनों ब्लाकों में फिनिशिंग का कार्य तेजी से चल रहा है। इसी प्रकार ईडब्ल्यूएस श्रेणी के सात ब्लाकों में से पांच ब्लाक अगले दो महीनों में पूरी तरह तैयार हो जाएंगे। कुल 560 आवासों में से लगभग 400 आवासों में कब्जा देने की तैयारी चल रही है।
हालांकि एमआईजी श्रेणी के 10 ब्लाकों में निर्माण कार्य अभी जारी है। इस वर्ग के 560 फ्लैटों को तैयार होने में कुछ और समय लगेगा। अधिकारियों के अनुसार अगस्त-सितंबर तक इनका निर्माण पूरा होने की संभावना है। तीन टावरों में 13 मंजिल तक निर्माण कार्य पूरा हो चुका है जबकि अन्य टावरों में ऊपरी मंजिलों का निर्माण जारी है। प्राधिकरण का कहना है कि दिसंबर 2026 तक संपूर्ण टाउनशिप को पूर्ण रूप से विकसित कर देने का लक्ष्य निर्धारित है। खोराबार से लौटकर GDA उपाध्यक्ष ने तारामंडल क्षेत्र में निर्माणाधीन ग्रीनवुड अपार्टमेंट का भी निरीक्षण कर उसकी प्रगति जांची और समय से काम पूरा करने को कहा। निरीक्षण के दौरान प्रभारी मुख्य अभियंता किशन सिंह, सहायक अभियंता एके तायल, राजबहादुर सिंह, अवर अभियंता आज्ञाराम वर्मा, मनीष त्रिपाठी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
बकाएदारों की तैयार हो लिस्ट GDA उपाध्यक्ष ने मंगलवार को दोपहर बाद संपत्ति अनुभाग की समीक्षा बैठक की। उन्होंने ओटीएस योजना, संपत्तियों के आवंटन, डिफाल्टर आवंटियों की स्थिति, रिक्त संपत्तियों के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उपाध्यक्ष ने कहा कि बकाये धनराशि की वसूली की जाए। अलोकप्रिय संपत्तियों पर भी चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि ओटीएस योजना का लाभ अधिक से अधिक लोगों को दिया जाए। 15 दिन में एक बार संपत्ति अनुभाग की समीक्षा की जाएगी।
उन्होंने कहा कि नए सिरे से सभी संपत्तियों का सत्यापन करा लिया जाए। पैडलेगंज में स्थित कियोस्कों के सुंदरीकरण का प्रस्ताव भी बैठक में लाया गया।


