Woman Brutally Murdered Amroha: उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक महिला का शव उसके ही घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। रहरा थाना क्षेत्र के गांव पोरारा में रहने वाली जावत्री पत्नी कन्हैया की निर्मम हत्या कर दी गई। महिला के हाथ-पैर बंधे हुए थे और उसके मुंह में कपड़ा ठूंसा गया था। शव चारपाई के पास पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया।
दूध देने पहुंची पड़ोसी ने देखा संदिग्ध हाल
घटना का खुलासा सोमवार सुबह करीब सात बजे हुआ। पड़ोस में रहने वाली रानी नामक महिला रोज की तरह जावत्री के घर दूध देने पहुंची थी। काफी देर तक आवाज लगाने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। लगातार दरवाजा बंद रहने और किसी हलचल का एहसास न होने पर पड़ोसियों को शक हुआ। इसके बाद कुछ लोग घर की छत पर चढ़े और अंदर झांककर देखा तो जावत्री का शव जमीन पर पड़ा दिखाई दिया। यह दृश्य देखते ही लोगों के होश उड़ गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
हाथ-पैर बंधे मिले, मुंह में ठूंसा था कपड़ा
मौके पर पहुंचे लोगों ने देखा कि महिला के हाथ-पैर रस्सी से बंधे हुए थे। उसके मुंह में कपड़ा ठूंसा गया था, जिससे आशंका जताई जा रही है कि हत्या से पहले उसे काबू में करने की कोशिश की गई। शव चारपाई के पास पड़ा था और कमरे का दृश्य काफी भयावह था। शुरुआती जांच में मामला हत्या का माना जा रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वारदात को अंजाम देने वाला कोई परिचित व्यक्ति था या फिर लूटपाट के इरादे से घर में घुसा था।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची
घटना की गंभीरता को देखते हुए रहरा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई। कुछ ही देर में पुलिस क्षेत्राधिकारी पंकज कुमार त्यागी, अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश भदौरिया और पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव भी घटनास्थल पर पहुंचे। फील्ड यूनिट, एसओजी टीम और डॉग स्क्वायड ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए। पुलिस ने घर के आसपास के लोगों से पूछताछ भी शुरू कर दी है।
अकेलेपन में गुजर रही थी जिंदगी
गांव वालों के मुताबिक जावत्री लंबे समय से अकेली रह रही थी। उसकी कोई संतान नहीं थी। करीब पांच वर्ष पहले उसने अपने छोटे भाई टेकचंद की बेटी शिवानी को गोद लिया था, लेकिन पारिवारिक विवाद के चलते बच्ची को वापस ले लिया गया। इसके बाद उसने अपने ममेरे भाई राकेश के यहां से भी एक बच्ची को गोद लिया था। गांव के लोगों का कहना है कि जावत्री अक्सर अकेली रहती थी और परिवार में लगातार विवाद की बातें सामने आती रहती थीं।
जमीन और पारिवारिक विवाद की भी जांच
मृतका के पिता कल्याण सिंह ने उसके नाम करीब पांच बीघा जमीन कर रखी थी। एक वर्ष पहले पिता और करीब आठ महीने पहले मां चंद्रवती की मौत के बाद जावत्री पूरी तरह अकेली पड़ गई थी। पुलिस अब इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं जमीन या संपत्ति विवाद हत्या की वजह तो नहीं बना। परिवार और रिश्तेदारों से पूछताछ की जा रही है।
दो शादियां भी नहीं बचा सकीं रिश्ता
मोहल्ले के रहने वाले युवक के अनुसार जावत्री की पहली शादी गंगेश्वरी निवासी देवदत्त से हुई थी। संतान न होने की वजह से दोनों का रिश्ता टूट गया था। इसके बाद परिवार वालों ने उसकी दूसरी शादी बुलंदशहर जिले के खुर्जा क्षेत्र निवासी कन्हैया से कराई, लेकिन वहां भी उसका वैवाहिक जीवन सफल नहीं हो सका। आखिर में माता-पिता ने गांव पोरारा में उसके लिए अलग मकान बनवा दिया था, जहां वह अकेली रह रही थी।
पुलिस हर पहलू से कर रही जांच
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया महिला के शरीर पर चोट के निशान दिखाई दे रहे हैं। मामले में हत्या की आशंका बेहद मजबूत है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और मोबाइल कॉल डिटेल्स को भी खंगाला जा रहा है।


