Dhurandhar Viral Washma Butt Chai Shop: आदित्य धर की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘धुरंधर‘ के एक सीन ने सोशल मीडिया पर मजेदार बहस छेड़ दी थी। आपको याद होगा कि फिल्म में ‘वाशमा बट’ नाम की एक बिरयानी और चाय की दुकान दिखाई गई जिसे देखकर कई लोगों को लगा कि ये पाकिस्तान पर एक इनडायरेक्ट मजाक था, लेकिन जो सच्चाई सामने आई वो इससे कहीं ज्यादा दिलचस्प है, ये दुकान असल में भारत में मौजूद है और वो भी लेह, लद्दाख में।
दुकान की दीवारों पर फिल्म के पोस्टर लगे
इंस्टाग्राम पर ‘itsnaturemoto’ के नाम से जानी जाने वाली ट्रैवल ब्लॉगर सौम्या चटर्जी ने इस फेमस दुकान का दौरा किया और एक वीडियो अपलोड किया जिसका कैप्शन था, “धुरंधर वाली चाय की दुकान।” बता दें, वीडियो में दुकान का अंदरूनी हिस्सा दिखाया गया जो बिल्कुल फिल्म में दिखाए गए सेटअप जैसा है।
इतना ही नहीं, दुकान की दीवारों पर फिल्म के पोस्टर लगे हैं जिनमें से एक में गौरव गेरा यानी आलम भाई को चाय पीते हुए दिखाया गया है। ये देखकर फैंस का उत्साह और दोगुना हो गया। दरअसल, ब्लॉगर ने वीडियो में बताया कि यहां अकेले आना मना नहीं है लेकिन शर्त ये है कि 2 चाय लेनी होगी ,एक खुद के लिए और एक इस जगह का एहसास लेने के लिए। ये खूबसूरत बात वीडियो के साथ इतनी वायरल हुई कि लाखों लोगों ने इसे देखा और शेयर किया।
आदित्य धर इस नाम से किसी को ट्रोल कर रहे हैं
जैसे ही ये वीडियो वायरल हुआ, कमेंट सेक्शन में ‘वॉश माय बट’ जैसे मजाकिया कमेंट्स आने लगे, जो ‘वाशमा बट’ नाम से ध्वनि-साम्य के कारण था। एक यूजर ने लिखा कि उसे लगा था आदित्य धर इस नाम से किसी को ट्रोल कर रहे हैं लेकिन ये जानकर हैरानी हुई कि ये असली दुकान है। हालांकि, आलम भाई उर्फ गौरव गेरा ने भी इस वीडियो पर 2 लाल दिल के इमोजी डालकर अपना प्यार जाहिर किया।
बता दें, आदित्य धर के डायरेक्शन में बनी ‘धुरंधर 2‘ 19 मार्च 2026 को रिलीज हुई थी और साल की सबसे बड़ी एक्शन थ्रिलर बन गई। रणवीर सिंह, अक्षय खन्ना, आर. माधवन, संजय दत्त और अर्जुन रामपाल स्टारर इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्डतोड़ कमाई की। खबरों के मुताबिक ये फिल्म 4 जून 2026 को जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम होने वाली है। दरअसल, लेह की इस छोटी-सी चाय की दुकान ने ‘धुरंधर’ की वजह से जो शोहरत पाई वो बताती है कि फिल्में कभी-कभी असल जिंदगी की जगहों को भी सुपरस्टार बना देती हैं।


