किसान की बेटी के अपहरण और दुष्कर्म के बाद बदमाश जेल गया। जमानत पर आकर आधी रात अपने पांच साथियों के साथ घर में किसान के घर में घुसा। बेटी को जबरन उठाकर ले जाने की कोशिश की। किसान और उसकी पत्नी ने रोका तो बदमाशों ने उनके तीन साल के बेटे के सिर पर कट्टा तान दी और दुष्कर्म के केस में समझौता करने का दबाव बनाया। परिवार ने राजीनामा करने से मना किया तो बदमाशों ने किसान और उसकी पत्नी को लाठी-डंडों से पीटा। इतना ही नहीं बदमाश घर में शादी के लिए रखे जेवर और पैसे भी लूटकर फरार हो गए। घटना हस्तिनापुर की है। किसान की पत्नी की शिकायत पर हस्तिनापुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 26 जून को है बेटी की शादी, उसके लिए रखे दहेज का सामान भी ले गए बदमाश हस्तिनापुर के बिलारा गांव में किसान अपनी पत्नी, 3 साल के बेटे और 18 वर्षीय बेटी के साथ रहते हैं। पहले परिवार हजीरा में रहता था। 18 जनवरी 2025 को पड़ोस में रहने वाले अंशुल जाट ने किसान की बेटी को अगवा कर लिया था। उस समय युवती नाबालिग थी। पुलिस ने उसे बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर दुष्कर्म का मामला दर्ज किया था। इसके बाद अंशुल जेल चला गया। 7 अप्रैल को आरोपी जमानत पर बाहर आया। 28 अप्रैल की रात वह 4 साथियों के साथ किसान के घर में घुस गया पूरे परिवार के साथ मारपीट की। बेटी का मुंह दबाकर उसे जबरन उठाने की कोशिश की है। 3 साल के बेटे के सिर पर कट्टा तानकर धमकाया। पीड़िता की मां ने बताया कि आरोपी अंशुल के हाथ में कट्टा था, जबकि उसके साथ आए बदमाशों पर डंडे थे। उन्होंने मुंह बांध रखे थे। अंशुल ने पहले बेटी को दुष्कर्म के पुराने केस में राजीनामा करने के लिए धमकाया, फिर बेटे के सिर पर कट्टा तान दिया और कहा कि समझौता नहीं किया तो उसे मार देंगे। विरोध करने पर आरोपियों ने पूरे परिवार को पीटा। परिवार के चिल्लाने पर आरोपी मौके से भाग गए। किसान ने बताया कि बेटी की शादी 26 जून को तय है। शादी की तैयारी के लिए घर में नकदी और जेवर रखे थे, बदमाश उसे भी ले गए। केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है, राजीनामा के लिए आरोपी धमका रहा है
एसडीओपी मनीष यादव ने बताया कि किसान के घर में घुसकर पड़ोसी युवक ने अपने साथियों के साथ मारपीट की। आरोपी ने कट्टे की नोक पर परिवार को दुष्कर्म के केस में राजीनामा करने के लिए धमकाया। आरोपी पहले दुष्कर्म के मामले में जेल में था और हाल ही में जमानत पर बाहर आया था। बाहर आते ही उसने यह वारदात कर दी। किसान की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।


