Hamirpur Accident: शादी की खुशियां मातम में बदलीं, ट्रक से कुचलकर दूल्हे के भांजे की मौत

Hamirpur Accident: शादी की खुशियां मातम में बदलीं, ट्रक से कुचलकर दूल्हे के भांजे की मौत

Hamirpur Accident: हमीरपुर के मुस्करा कस्बे में एक शादी समारोह उस समय मातम में बदल गया। जब तेज रफ्तार ट्रक ने दूल्हे के 10 वर्षीय भांजे को कुचल दिया। हादसे के बाद भाग रहे चालक और खलासी को लोगों ने थाने के बाहर पकड़ लिया। लेकिन पुलिस द्वारा उन्हें हिरासत में लेने पर परिजन भड़क उठे। गुस्साए बारातियों ने थाना घेर लिया। हंगामा किया। बाद में हाईवे जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

Hamirpur Accident: हमीरपुर जिले के मुस्करा थाना क्षेत्र में गुरुवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद जमकर बवाल हो गया। जालौन जिले के चंदरसी गांव से आई बारात में शामिल 10 वर्षीय मासूम की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजन और बारातियों का गुस्सा इतना बढ़ गया कि उन्होंने थाने का घेराव कर दिया। बाद में हाईवे जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। जानकारी के मुताबिक, दीपक राजपूत की बारात बुधवार रात मुस्करा कस्बे स्थित विक्रम पैलेस मैरिज लॉन में आई थी। शादी की रस्में पूरी होने के बाद सुबह करीब साढ़े तीन बजे विदाई की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान दूल्हे का भांजा अनिकेत सड़क किनारे खड़ा था। तभी तेज रफ्तार ट्रक वहां से गुजरा और बच्चे को कुचलते हुए निकल गया। हादसे में अनिकेत की मौके पर ही मौत हो गई।

चालक और खलासी की जमकर पिटाई

घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर भाग निकला। मौके पर मौजूद बाराती और परिजन उसके पीछे दौड़ पड़े। करीब चार किलोमीटर पीछा करने के बाद चालक मुस्करा थाने के पास पहुंचा। खुद को बचाने के लिए अंदर जाने लगा। इसी दौरान लोगों ने उसे और उसके साथी खलासी को पकड़ लिया और उनकी पिटाई शुरू कर दी। हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। दोनों को भीड़ से छुड़ाकर थाने के अंदर ले गए। पुलिस की इस कार्रवाई से परिजन नाराज हो गए। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग थाने के बाहर जमा हो गए। कई लोग लाठी-डंडे लेकर थाने के भीतर घुस गए। चालक को उनके हवाले करने की मांग करने लगे।

परिजनों और पुलिस में हुई धक्का- मुक्की

स्थिति उस समय और बिगड़ गई। जब मृतक बच्चे की मौसी गुस्से में एक हेड कॉन्स्टेबल से भिड़ गई। थाने के भीतर पुलिस और परिजनों के बीच धक्का-मुक्की होने लगी। माहौल तनावपूर्ण होता देख थाना प्रभारी ने आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुला लिया। कुछ ही देर में पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए हल्का लाठीचार्ज किया। इस दौरान कई बारातियों को चोटें आईं। एक युवक घायल हो गया। पुलिस कार्रवाई से नाराज लोगों ने बाद में हाईवे पर जाम लगा दिया। करीब तीन घंटे तक सड़क पर हंगामा और विरोध प्रदर्शन चलता रहा। बाद में अधिकारियों के समझाने पर मामला शांत हो सका।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *