गुजरात के परिवार से काशी के काल भैरव मंदिर में मारपीट, बुजुर्ग का दबाया गला, 3 गिरफ्तार

गुजरात के परिवार से काशी के काल भैरव मंदिर में मारपीट, बुजुर्ग का दबाया गला, 3 गिरफ्तार

वाराणसी: काल भैरव मंदिर में गुजरात से दर्शन करने आए एक परिवार के साथ कुछ लोगों द्वारा मारपीट किए जाने का आरोप लगा है। आरोप है कि मारपीट करने वाले लोगों ने एक बुजुर्ग का गला दबा दिया और उसे मारने की कोशिश की। परिवार की तरफ से कोतवाली थाने में तहरीर दी गई, जिसके बाद पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

क्या है पूरा मामला

गुजरात के नवसारी छपरा रोड स्थित रवि पार्क सोसाइटी के रहने वाले मुकेश भाई पटेल ने शनिवार को कोतवाली पुलिस को बताया था कि उनका परिवार दोपहर में काल भैरव मंदिर में दर्शन करने गया हुआ था। उन्होंने बताया कि भीड़ ज्यादा होने के कारण लंबी लाइन लगी हुई थी जिसमें वह और उनके परिवार के लोग खड़े थे। उन्होंने बताया कि इसी दौरान वहां कुछ लोग पहुंचे और बैरिकेडिंग लगा दी, जिससे उनका परिवार बैरिकेडिंग के अंदर रह गया और वह बैरिकेडिंग के बाहर चले आए। उन्होंने युवकों से मिन्नतें की कि उन्हें उनके परिवार से अलग ना किया जाय और उन्हें परिवार के साथ जाने दिया जाए, नहीं तो उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

पीड़ित की मां से दुर्व्यवहार का आरोप

आरोप है कि बार-बार मिन्नत करने के बाद भी युवकों ने उन्हें बैरिकेडिंग के अंदर जाने की अनुमति नहीं दी और इसके बाद उनके साथ मारपीट करना शुरू कर दिया। यही नहीं, पीड़ित ने आरोप लगाया है कि युवकों ने उनके पिता का गला दबाकर उन्हें जान से मारने की कोशिश की। उन्होंने बताया कि विरोध स्वरूप उन्होंने वीडियो बनाना शुरू किया तो कुछ और लोग भी वहां पहुंचे और उनकी पिटाई कर दी। पीड़ित के मुताबिक, मारपीट किए जाने से उनके दाहिने पैर में चोट लगी है। वहीं, बीच बचाव करने आई उनकी मां के साथ भी दुर्व्यवहार किए जाने का आरोप लगा है।

पुलिसकार्मियों पर अनदेखी का आरोप

पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि मौके पर कुछ पुलिसकर्मी भी मौजूद थे, लेकिन किसी ने बीच बचाव नहीं किया। यदि पुलिसकर्मी समय रहते मामला संभाल लेते तो मारपीट की नौबत नहीं आती और मनबढ़ युवको गिरफ्तार कर लिया जाता। डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल ने बताया है कि पीड़ित द्वारा मुकदमा दर्ज कराए जाने के बाद उनके साथ मारपीट करने वाले लोगों की पहचान सीसीटीवी के माध्यम से की गई। इसके साथ ही इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं के साथ किसी भी तरह की व्यवहार की सूचना पर पुलिस तुरंत कार्रवाई करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *