NEET Paper Leak : राजस्थान में भाजपा के गढ़ में होगा ‘हल्ला बोल’, कांग्रेस ने लिया बड़ा फैसला

जयपुर। राजस्थान में कांग्रेस राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-यूजी (नीट-यूजी 2026) का पेपर लीक होने तथा इसमें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेताओं की कथित संलिप्तता सामने आने के विरोध में 21 मई को जयपुर में भाजपा प्रदेश मुख्यालय का घेराव कर विरोध-प्रदर्शन करेगी। कांग्रेस ने केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के इस्तीफे और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) को भंग करने की मांग की है। प्रदेश कांग्रेस महासचिव एवं मीडिया चेयरपर्सन स्वर्णिम चतुर्वेदी ने सोमवार को बताया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा के नेतृत्व में यह विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा।

केन्द्र सरकार और एनटीए जिम्मेदार

चतुर्वेदी ने आरोप लगाते हुए कहा कि नीट-यूजी 2026 का पेपर लीक होना देश के लाखों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है, जिसके लिए केन्द्र सरकार और एनटीए पूरी तरह जिम्मेदार हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नीट-2026 के पेपर लीक मामले में भाजपा नेताओं की संलिप्तता सामने आई है। जांच में यह भी पाया गया कि आरोपी ने नीट-2025 का पेपर भी खरीदकर लीक करवाया था और नीट-2024 का पेपर भी लीक हुआ था। इसके बावजूद केन्द्र सरकार ने एनटीए के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की। इससे यह साबित होता है कि केन्द्र सरकार लगातार छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है।

परीक्षाएं निरस्त होने की लंबी सूची

चतुर्वेदी ने कहा कि केन्द्र सरकार की ओर से आयोजित विभिन्न परीक्षाओं के पेपर लीक होने और परीक्षाएं निरस्त होने की लंबी सूची है, लेकिन भाजपा सरकार ने किसी भी जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने नीट-2026 का पेपर लीक होने की जानकारी मिलने के बावजूद मामले को लंबे समय तक दबाए रखा और पुलिस ने प्राथमिकी तक दर्ज नहीं की। यह लाखों छात्रों के भविष्य पर कुठाराघात के समान है।

केन्द्र सरकार विफल

उन्होंने कहा कि लगातार नीट परीक्षा के पेपर लीक होने से रोकने में केन्द्र सरकार विफल रही है और जिम्मेदारों को बचाने का काम कर रही है। इसी के विरोध में धर्मेन्द्र प्रधान के इस्तीफे तथा एनटीए को भंग करने की मांग को लेकर डोटासरा के नेतृत्व में प्रदेश कांग्रेस 21 मई को पूर्वाह्न 11 बजे भाजपा प्रदेश मुख्यालय का घेराव करेगी। इसके लिए कांग्रेस कार्यकर्ता सुबह 10 बजे प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय जयपुर में एकत्रित होंगे। वहां से जुलूस के रूप में शहीद स्मारक होते हुए भाजपा प्रदेश मुख्यालय पहुंचकर विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *