MP News: मध्य प्रदेश में रिश्वतखोर अधिकारी-कर्मचारियों पर कार्रवाई का सिलसिला लगातार जारी है। लगभग हर दूसरे दिन कहीं न कहीं लोकायुक्त रिश्वतखोर अधिकारी-कर्मचारियों को रिश्वत (Bribe) लेते हुए रंगेहाथों पकड़ रही है लेकिन इसके बावजूद रिश्वतखोर बाज आते नजर नहीं आ रहे हैं। ताजा मामला मध्यप्रदेश के खरगोन जिले का है। यहां इंदौर लोकायुक्त ने शिक्षा विभाग में बड़ी कार्रवाई की है। लोकायुक्त ने झिरन्या में ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (BEO) प्रभात परमार्थी को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
घर पर रिश्वत लेते धराया बीईओ, इस लिए ले रहा था घूस
खरगोन जिले के झिरन्या में लोकायुक्त पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (बीईओ) प्रभात परमार्थी को 2 हजार रुपए की रिश्वत (Bribe) लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। अधिकारी ने शिकायतकर्ता को अपने घर बुलाकर रिश्वत की देने कहा था। यहां लोकायुक्त की टीम ने रंगे हाथो दबोच लिया। आरोपी ने अतिथि शिक्षक का रुका हुआ वेतन जारी करने के एवज में यह राशि मांगी थी। शिकायतकर्ता सुभाष बर्डे ने लोकायुक्त इंदौर में आवेदन देकर बताया था कि उनकी पत्नी सेवंती बर्डे शासकीय प्राथमिक विद्यालय भेडिया फलिया में अतिथि शिक्षक हैं। उनका नवंबर 2025 का वेतन लंबित है। वेतन जारी कराने के लिए परमार्थी ने 2000 रुपये की मांग की।
शिकायत के बाद लोकायुक्त ने बिछाया ट्रैप
शिकायत की पुष्टि होने के बाद लोकायुक्त इंदौर टीम (Lokayukta Indore) ने ट्रैप की योजना बनाई और शनिवार को आरोपी को उसके ज्योति नगर स्थित निवास पर रिश्वत (Bribe) लेते हुए पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे सर्किट हाउस लाकर आगे की कार्रवाई की गई। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 2018 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर जांच जारी है। इस कार्रवाई में उप पुलिस अधीक्षक सुनील तालान के नेतृत्व में आरक्षक आशीष शुक्ला, रामेश्वर निगवाल, चंद्रमोहन बिष्ट, अनिल परमार और आशीष आर्य की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पिछले हफ्ते भी पकड़ा गया था घूसखोर
बता दें कि, खरगोन में ही पिछले शुक्रवार को इंदौर लोकायुक्त ने एक रिश्वतखोर अधिकारी पर कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार किया था। भीकनगांव नगर पालिका में पदस्थ उप राजस्व अधिकारी को लोकायुक्त इंदौर की टीम ने 15000 रुपये की रिश्वत (Bribe) लेते हुए रंगेहाथों पकड़ा था। अधिकारी पीएम आवास की किस्त के एवज में रिश्वत मांग रहा था। यहां भी लोकायुक्त ने ट्रैप बिछाकर रंगे हाथों भ्रष्टाचार करते पकड़ा था।
जारी रहेगा अभियान
लोकायुक्त ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि अगर कोई अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो इसकी सूचना तुरंत लोकायुक्त कार्यालय को दें।


