बिजली बचाने को मैदान में उतरे डीएम, बोले- पीक ऑवर्स में भारी उपकरण चलाने से बचें

बिजली बचाने को मैदान में उतरे डीएम, बोले- पीक ऑवर्स में भारी उपकरण चलाने से बचें

Bareilly News: भीषण गर्मी और लगातार बढ़ती बिजली की मांग के बीच डीएम अविनाश सिंह ने जनपदवासियों से बिजली बचाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस समय बिजली की खपत रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच चुकी है और प्रशासन तथा विद्युत विभाग दिन-रात हर घर तक निर्बाध बिजली पहुंचाने के लिए प्रयासरत हैं। ऐसे में आम नागरिकों का सहयोग ही बिजली व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने की सबसे बड़ी ताकत साबित हो सकता है।

DM बोले- बिजली की बचत दूसरों की मदद कर सकती है

डीएम अविनाश सिंह ने बताया कि गर्मी का पारा चढ़ने के साथ ही जिले में बिजली की मांग भी लगातार बढ़ रही है। हालात ऐसे हैं कि कई स्थानों पर ट्रांसफार्मर और विद्युत लाइनों पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है। डीएम ने कहा कि बिजली आपूर्ति बनाए रखना सिर्फ विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के हर नागरिक का साझा दायित्व है।

यदि सभी लोग थोड़ी-थोड़ी बिजली बचाएं तो पूरे जिले को इसका बड़ा लाभ मिल सकता है। डीएम ने अपील करते हुए कहा कि घर में बचाई गई थोड़ी सी बिजली किसी दूसरे घर को अंधेरे से बचा सकती है। यह बचत किसी बुजुर्ग को गर्मी से राहत, किसी मरीज के इलाज में मदद और किसी मासूम बच्चे की सुकून भरी नींद का कारण बन सकती है। उन्होंने लोगों से बिजली बचत को सामाजिक सरोकार और नैतिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाने की अपील की।

शाम 6 से रात 11 बजे तक बिजली बचाने की अपील

बरेली जिलाधिकारी ने विशेष रूप से शाम 6 बजे से रात 11 बजे तक के पीक ऑवर्स में बिजली की खपत कम करने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि इस दौरान वॉटर पंप, वाशिंग मशीन, हीटर तथा अन्य भारी विद्युत उपकरणों का प्रयोग यथासंभव टालें। जिन घरों में एक से अधिक एयर कंडीशनर हैं, वहां आवश्यकता के अनुसार ही उनका उपयोग किया जाए। डीएम ने सुझाव दिया कि एयर कंडीशनर का तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रखा जाए। इससे बिजली की खपत कम होगी और ट्रांसफार्मरों पर पड़ने वाला अतिरिक्त भार भी घटेगा। उन्होंने कहा कि ऊर्जा संरक्षण के छोटे-छोटे कदम पूरे जिले की बिजली व्यवस्था को मजबूत बना सकते हैं।

एक यूनिट बचाने का लें संकल्प

डीएम ने जनपदवासियों से प्रतिदिन कम से कम एक यूनिट बिजली बचाने का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि लाखों लोग यह छोटा प्रयास करेंगे तो बिजलीघरों पर भार कम होगा, ट्रांसफार्मर सुरक्षित रहेंगे और पूरे जिले में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी। डीएम अविनाश सिंह ने कहा कि इस भीषण गर्मी में केवल अपने घर की नहीं, बल्कि पूरे समाज की चिंता करें। अनावश्यक बिजली उपकरण बंद करें, ऊर्जा की बचत करें और जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय दें। आपका एक छोटा सा प्रयास हजारों परिवारों के चेहरों पर राहत की मुस्कान ला सकता है। बिजली बचाइए, रोशनी बांटिए और जनहित में सहयोग कीजिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *