बीना. ओवरब्रिज निर्माण के चलते खिमलासा रेलवे गेट बंद है और वाहन चालक साईंधाम कॉलोनी वाले अंडरब्रिज से निकल रहे हैं। आंबेडकर तिराहा से अंडरब्रिज तक पूरी रोड गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। इस रोड के निर्माण के लिए ओवरब्रिज निर्माण कर रहे ठेकेदार को कई बार अधिकारी निर्देश दिए जा चुके हैं, लेकिन मरम्मत के नाम पर चचड़ी डाल दी जाती है।
अंडरब्रिज से हर दिन हजारों दो पहिया, चार पहिया वाहन निकल रहे हैं और गड्ढों में पहिया फंसते हैं। इसी रोड से जनप्रतिनिधि सहित सभी अधिकारी निकलते हैं, क्योंकि दूसरी ओर तहसील स्थित है। यहां नई रोड बनाने की जरूरत है या फिर अच्छे से मरम्मत की जाए। मरम्मत के नाम पर गड्ढों में भरी जाने वाली चचड़ी कुछ दिनों में ही निकल जाती है। इसी तरह बरदौरा रोड पर बने अंडरब्रिज को जोडऩे वाला रोड भी गड्ढों में तब्दील हो गई है, लेकिन यहां भी गड्ढे नहीं भरे जा रहे हैं। इस रोड से भारी वाहन निकलते हैं। ठेकेदार ने सिर्फ खिमलासा रोड से साईंधाम कॉलोनी वाले अंडरब्रिज के पहले तक रोड बनाया है। इस अंडरब्रिज के अंदर भी बड़े-बड़े गड्ढे हैं उन्हें भी नहीं भरा जा रहा है।
इस बरसात में भी ब्रिज नहीं होगा चालू
रेलवे क्षेत्र में चल रही धीमी गति के कार्य के चलते इस साल के अंत तक ओवरब्रिज चालू होने की संभावना है, जिसके चलते बारिश में फिर लोगों को इन्हीं दो अंडरब्रिजों से निकलना पड़ेगा। गड्ढों भरे इस रोड से निकलने में वाहन चालक गिरकर घायल होंगे। साथ ही वाहनों के फंसने से जाम लगेगा। बारिश पूर्व रोड का निर्माण कराना जरूरी है। पिछले वर्ष बरसात में दिन में कई बार जाम की स्थिति बनती थी, जिससे घंटों वाहन चालकों को वहां खड़े होना पड़ा था।
रेलवे क्षेत्र में शुरू से चल रही लापरवाही
रेलवे क्षेत्र में शुरुआत से लापरवाही बरती जा रही है। जबकि रेलवे क्षेत्र में सिर्फ चार पिलर खड़े होने हैं और गर्डर लांचिंग होनी है। इसके बाद भी इस कार्य में कई महीनों का समय बीत गया है और अभी भी कार्य अधूरा है। इस ओर अधिकारी भी ध्यान नहीं दे रहे हैं, जिससे वाहन चालक परेशान हैं।


