IAS Shruti Sharma: रविवार को यूपी में बड़े स्तर पर हुए IAS अधिकारियों के ट्रांसफर में देवरिया की ज्वाइंट मजिस्ट्रेट श्रुति शर्मा को हापुड़ का मुख्य विकास अधिकारी (CDO) नियुक्त किया गया है। श्रुति शर्मा ने देवरिया में लगभग 19 माह तक अपनी सेवाएं दीं। इस दौरान उन्होंने प्रशासनिक कार्यों, विकास योजनाओं के क्रियान्वयन और जनसमस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाई। उनके कार्यकाल को जिले में ऊर्जावान और प्रभावी प्रशासनिक शैली के रूप में देखा गया, उन्होंने अपनी कार्यशैली, सादगी और जनता से सीधे संवाद के चलते खास पहचान बनाई।
शांत, सौम्यता, जनता से सीधा संवाद श्रुति की पहचान रही है
बता दें श्रुति शर्मा वर्ष 2022 बैच की IAS अधिकारी हैं। वे सेंट स्टीफेंस कॉलेज, दिल्ली से स्नातक हैं, JNU से परास्नातक की डिग्री हासिल की हैं। श्रुति ने 30 अगस्त 2024 को देवरिया में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के रूप में कार्यभार संभाला था। श्रुति शर्मा ने अपने प्रशासनिक सफर की शुरुआत रुद्रपुर स्थित बाबा दुग्धेश्वर नाथ की नगरी में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं एसडीएम के रूप में की थी। इसके बाद उन्हें देवरिया सदर एसडीएम की जिम्मेदारी सौंपी गई, जहां उन्होंने राजस्व, कानून-व्यवस्था और जनसमस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाई।
श्रुति ने अपने कार्यकाल के दौरान वे आमजन के बीच सहज उपलब्ध रहीं। जनसुनवाई में त्वरित निस्तारण, क्षेत्रीय भ्रमण और जमीनी स्तर पर योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर उनकी कार्यशैली की सराहना होती रही। अब हापुड़ में सीडीओ के रूप में उनकी नई जिम्मेदारी को लेकर प्रशासनिक महकमे के साथ-साथ आमजन में भी उम्मीदें हैं कि वे विकास कार्यों को गति देंगी और अपनी कार्यकुशलता से वहां भी अलग पहचान बनाएंगी, फिलहाल वर्तमान में श्रुति शर्मा अवकाश पर हैं।


