कानपुर में परिवहन निगम की बसों में दिव्यांगजनों से नि:शुल्क यात्रा के लिए स्मार्ट कार्ड मांगे जाने के विरोध में राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी ने सोमवार को प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय पहुंचे। दिव्यांगजनों की ओर से लगातार शिकायत कर रहे थे, कि रोडवेज बसों के परिचालक मुफ्त यात्रा के लिए स्मार्ट कार्ड की मांग कर रहे हैं। इस मुद्दे को लेकर राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी ने 11 अप्रैल और 17 अप्रैल को क्षेत्रीय प्रबंधक, राज्य सड़क परिवहन निगम कानपुर क्षेत्र को पत्र भी लिखा था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
नाराज कार्यकर्ता सोमवार को क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय पहुंच गए और प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान क्षेत्रीय प्रबंधक महेश कुमार ने साफ कहा कि सरकार की ओर से स्मार्ट कार्ड की कोई योजना लागू नहीं की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि दिव्यांगजन केवल यूडीआईडी (UDID) कार्ड के आधार पर ही रोडवेज बसों में नि:शुल्क यात्रा के पात्र हैं।
राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार ने कहा कि यदि कोई परिचालक दिव्यांगजनों से स्मार्ट कार्ड मांगता है या मुफ्त यात्रा में बाधा डालता है, तो उसके खिलाफ नजदीकी थाने में दिव्यांगजन अधिनियम 2016 के तहत मुकदमा दर्ज कराया जाए। साथ ही उन्होंने दिव्यांगजनों से फर्जी अफवाहों से सतर्क रहने की अपील भी की।
प्रदर्शन के दौरान राहुल कुमार, अल्पना कुमारी, वैभव दीक्षित, गुड्डी दीक्षित, ओम प्रकाश दास, गौरव, राहुल विश्वकर्मा, कमलेश सिंह, रानी तिवारी, विवेक तिवारी, साबीरा खातून, इसरार अहमद, किशन कुमार अवस्थी, अजीत कुमार और राम शंकर माली सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।


