वृंदावन दर्शन के दौरान देवरिया के युवक की मौत:दर्शन के लिए लाइन में खड़े होने के दौरान बिगड़ी तबीयत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

वृंदावन दर्शन के दौरान देवरिया के युवक की मौत:दर्शन के लिए लाइन में खड़े होने के दौरान बिगड़ी तबीयत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

देवरिया के पथरदेवा क्षेत्र के एक युवक की वृंदावन धाम में दर्शन के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक तौर पर हार्ट अटैक की आशंका जताई जा रही है, लेकिन परिजनों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका व्यक्त की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पथरदेवा के सुभाष चंद्र बोस नगर निवासी सत्य प्रकाश सिंह (25) अपनी पत्नी जूही सिंह तथा सास-ससुर के साथ वृंदावन धाम दर्शन के लिए गए थे। शनिवार को वह मथुरा के वृंदावन में दर्शन के लिए कतार में खड़े थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह अचेत होकर गिर पड़े। पिता ने जताई हत्या की आशंका परिजनों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की मां बिंदु देवी और पत्नी जूही सिंह का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, पिता राम नक्षत्र सिंह ने पुत्र की मौत पर संदेह जताते हुए हत्या की आशंका व्यक्त की है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और पोस्टमार्टम कराने की मांग की है। पिता का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। उनका आरोप है कि घटना की परिस्थितियां संदिग्ध हैं और सभी पहलुओं की जांच होनी चाहिए। सत्य प्रकाश सिंह पेशे से लैब टेक्नीशियन थे और परिवार के इकलौते पुत्र थे। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी भी उन्हीं के कंधों पर थी। उनके परिवार में दो छोटी बहनें, नेहा सिंह और शिवांगी सिंह भी हैं। देर रात शव गांव पहुंचने के बाद पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *