ग्वालियर में सुबह 8:30 बजे ही पारा 33 डिग्री पार:शहर में गर्मी और उमस से लोग बेहाल, आने वाले दिनों में बूंदाबांदी के आसार

ग्वालियर में सुबह 8:30 बजे ही पारा 33 डिग्री पार:शहर में गर्मी और उमस से लोग बेहाल, आने वाले दिनों में बूंदाबांदी के आसार

जून की शुरुआत के साथ ही ग्वालियर में गर्मी ने एक बार फिर तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। शहर का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। बादलों की आवाजाही के बावजूद लोगों को गर्मी और उमस से राहत नहीं मिल रही, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार सुबह न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह 5:30 बजे ही पारा 29.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जबकि सुबह 8:30 बजे तक तापमान बढ़कर 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शहर का अधिकतम तापमान भी लगातार 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। सुबह से ही चल रही थी गर्म हवा बढ़ती गर्मी और उमस के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शनिवार सुबह से ही चल रही गर्म हवाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा, क्योंकि लोग तेज धूप और गर्मी से बचने के लिए घरों या छायादार स्थानों में ही रहे। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक वर्तमान में प्री-मानसून गतिविधियां सक्रिय हैं, जिसके चलते मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। जम्मू-कश्मीर और उत्तर भारत के ऊपरी हिस्सों में सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण के कारण बादलों की आवाजाही बढ़ गई है। इसी का असर ग्वालियर और आसपास के क्षेत्रों में भी देखने को मिल रहा है। हल्की बूंदाबांदी या बारिश के आसार विशेषज्ञों का कहना है कि मौसम प्रणाली के प्रभाव से आने वाले दिनों में कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी या बारिश हो सकती है। हालांकि इससे तापमान में तत्काल बड़ी गिरावट की संभावना कम है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना जताई है। बादलों की आवाजाही के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन गर्मी और उमस से तुरंत राहत मिलने के आसार फिलहाल नजर नहीं आ रहे हैं। विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे धूप में निकलते समय सावधानी बरतें, पर्याप्त पानी पिएं और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाएं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *