गांधी नगर स्थित न्यू विहार कॉलोनी के निवासियों ने नगर पालिका परिषद की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई है। लोगों का आरोप है कि कॉलोनी की सड़क के किनारे कूड़ा डंप किए जाने से क्षेत्र में गंदगी फैल रही है और दुर्गंध के कारण लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। स्थानीय निवासी मनोज गुप्ता ने बताया कि सड़क पर पड़े कूड़े के ढेर से बड़ी संख्या में मक्खियां घरों तक पहुंच रही हैं। इससे बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जहां इंसेफेलाइटिस समेत संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए अभियान चला रही है, वहीं नगर पालिका की लापरवाही लोगों की सेहत के लिए खतरा बन रही है। कॉलोनीवासियों का कहना है कि नगर पालिका ने कूड़ा निस्तारण के लिए भिटौली क्षेत्र में लाखों रुपए की लागत से डंपिंग ग्राउंड बनवाया है। इसके बावजूद आबादी वाले इलाके और मुख्य सड़क के किनारे कूड़ा फेंका जाना समझ से परे है। लोगों ने सवाल उठाया कि जब डंपिंग ग्राउंड उपलब्ध है तो सड़क किनारे कूड़ा डंप करने का आदेश किसके निर्देश पर दिया गया है। निवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से सड़क पर जमा कूड़े को तत्काल हटाने और नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे सामूहिक रूप से नगर पालिका कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन करेंगे। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से भी मामले का संज्ञान लेकर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा कॉलोनी में स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने की मांग की है।


