हरदोई के पाली में नए बस स्टेशन का लोकार्पण:जयपुर-दिल्ली समेत कई शहरों के लिए मिलेगी सीधी बस सेवा, चार्जिंग स्टेशन की घोषणा

हरदोई के पाली में नए बस स्टेशन का लोकार्पण:जयपुर-दिल्ली समेत कई शहरों के लिए मिलेगी सीधी बस सेवा, चार्जिंग स्टेशन की घोषणा

हरदोई के सवायजपुर विधानसभा क्षेत्र के पाली कस्बे में सोमवार को नवनिर्मित बस स्टेशन का लोकार्पण किया गया। परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह और सवायजपुर विधायक माधवेन्द्र प्रताप सिंह रानू ने संयुक्त रूप से फीता काटकर बस स्टेशन का उद्घाटन किया। इस दौरान विभिन्न रूटों पर बसों को हरी झंडी दिखाकर औपचारिक संचालन भी शुरू किया गया। लोकार्पण समारोह में मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि पाली बस स्टेशन से क्षेत्र के लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी। उन्होंने पाली से जयपुर, दिल्ली, कानपुर, लखनऊ, बरेली और सीतापुर सहित प्रमुख शहरों के लिए सीधी बस सेवाओं की शुरुआत की घोषणा की। इससे लंबी दूरी की यात्रा के लिए अब अन्य शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
मंत्री ने यह भी बताया कि निकट भविष्य में पाली बस स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। उन्होंने इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने की घोषणा की। इससे पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और यात्रियों को आधुनिक परिवहन सेवाएं मिलेंगी। दयाशंकर सिंह ने बस स्टेशन परिसर में दुकानों के निर्माण के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि इन दुकानों से स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे और क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
विधायक माधवेन्द्र प्रताप सिंह रानू ने कहा कि बस स्टेशन के संचालन से क्षेत्र के व्यापार, शिक्षा और कृषि गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने बताया कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में सहूलियत होगी और क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित होगा। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख संघ के प्रदेश अध्यक्ष धीरेन्द्र प्रताप सिंह सेनानी, उपजिलाधिकारी शाहाबाद अंकित तिवारी, विधायक प्रतिनिधि डॉ. रजनीश त्रिपाठी, क्षेत्रीय प्रबंधक परिवहन निगम रमेश कुमार, चेयरमैन ओमप्रकाश मिश्र, मंडल अध्यक्ष राकेश रंजन त्रिवेदी सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *