झांसी में अंबेडकर प्रतिमा को तोड़ने से लोगों में आक्रोश, स्थापित होगी नई प्रतिमा, गिरफ्तारी की मांग

झांसी में अंबेडकर प्रतिमा को तोड़ने से लोगों में आक्रोश, स्थापित होगी नई प्रतिमा, गिरफ्तारी की मांग

Baba Saheb Bhimrao Ambedkar statue was vandalized in Jhansi: झांसी में बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को तोड़े जाने से लोगों में आक्रोश है। मौके पर भीम आर्मी, बसपा सहित अन्य पार्टी के नेता पहुंच गए। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। जिला प्रशासन में बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की मूर्ति तोड़े जाने के मामले में बताया कि मौके पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौजूद हैं। तत्काल नई प्रतिमा स्थापित की जा रही है। दोषी के खिलाफ कार्रवाई के लिए टीमों का गठन किया गया है। मामला चिरगांव थाना क्षेत्र का है।

चार दशक पहले स्थापित की गई थी मूर्ति

उत्तर प्रदेश के झांसी के चिरगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत करगुआं गांव में पिछले चार दशक से बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा लगी थी, जिसे अराजक तत्वों ने तोड़ दिया। प्रतिमा टूटने की जानकारी मिलते ही मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई। भीम आर्मी नेता ने बताया कि चिरगांव की टीम से जानकारी मिली कि बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया गया है।

प्रतिमा को बदले जाने की मांग की

उन्होंने बताया कि जानकारी मिलते ही वह मौके पर पहुंचे। यहां पर जिलाध्यक्ष व अन्य पदाधिकारी भी मौजूद हैं। उनकी पहली मांगे है कि खंडित प्रतिमा को हटाकर नई प्रतिमा स्थापित की जाए, और दूसरी मांग है कि 24 घंटे के अंदर अराजक तत्वों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए। भीम आर्मी आजाद पार्टी कानून के दायरे में रहकर कार्य करती है। धरना उनका अधिकार है।

आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए

उन्होंने बताया कि उनके यहां आने का उद्देश्य यह है कि जिसने भी यह कार्य किया है, उसे गिरफ्तार किया जाए। जेल भेजे जाने से लोगों में एक मैसेज जाएगा कि बाबा साहेब की मूर्ति तोड़ना गलत है। उन्होंने मांग की कि झांसी, ललितपुर और जालौन में लगी बाबा साहब की मूर्ति की सुरक्षा के लिए व्यवस्था की जाए।

क्या कहती है पुलिस?

चिरगांव थाना पुलिस ने बताया कि करगुआं में अज्ञात असामाजिक तत्वों ने बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को तोड़ा है। इसकी जानकारी मिली है। मौके पर प्रशासन और पुलिस के आला अधिकारी पहुंच गए हैं। नई प्रतिमा को लगाया जा रहा है। दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गिरफ्तार करने के लिए टीम का गठन किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *