Delhi के Sonia Vihar में महिला से शादी के लिए पति की हत्या, पांच आरोपी गिरफ्तार

Delhi के Sonia Vihar में महिला से शादी के लिए पति की हत्या, पांच आरोपी गिरफ्तार

राष्ट्रीय राजधानी के सोनिया विहार इलाके में एक व्यक्ति की पत्नी से शादी के इरादे से पति की कथित हत्या को अंजाम देने के लिए आरोपी ने दो नाबालिग को 2 लाख रुपये की सुपारी दी थी। पुलिस ने रविवार को यह दावा किया। पुलिस ने बताया कि इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है ओर दो नाबालिगों को पकड़ा गया है।

पुलिस ने बताया कि मनीष यादव (34) की 13 अक्टूबर को पुश्ता इलाके के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उसे सिविल लाइंस स्थित सुश्रुत ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों, वित्तीय लेनदेन और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर कथित हत्या की साजिश का खुलासा हुआ।

जांचकर्ताओं के मुताबिक, मुख्य आरोपी उमेश मौर्य की मनीष यादव और उसकी पत्नी से जान-पहचान थी। मौर्य की अपनी पत्नी से वैवाहिक संबंध अच्छे नहीं चल रहे थे और तलाक की याचिका अदालत में लंबित थी। आरोप है कि वह मनीष की पत्नी से शादी करना चाहता था और इसी वजह से उसने उसे (मनीष को) रास्ते से हटाने की साजिश रची।

पुलिस ने बताया कि मौर्य एक निजी ठेकेदार के माध्यम से सामान ढुलाई विभाग में पर्यवेक्षक के तौर पर काम करता है। वह पहले पिज्जा पहुंचाने का काम करता था। आरोप है कि उसने अपने सहयोगी विवेक सिंह के साथ मिलकर दो नाबालिग को हत्या के लिए 2 लाख रुपये देने की बात तय की थी।

पुलिस के अनुसार, मामले में गिरफ्तार अन्य आरोपियों की पहचान आनंद, नितिन उर्फ नरेंद्र और भीम सिंह के रूप में हुई है। दो नाबालिग को भी पकड़ा गया है। पुलिस ने बताया कि 13 अक्टूबर को रात करीब 9.10 बजे सोनिया विहार थाने में पुलिस नियंत्रण कक्ष को फोन आया था, जिसमें 4.5 पुश्ता इलाके में एक व्यक्ति को गोली मारे जाने की सूचना दी गई थी।

पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो पता चला कि घायल को सुश्रुत ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया है, जहां उसकी मौत हो गई। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) (हत्या) और 3(5) (साझा मंशा) तथा शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *