जयपुर। राजधानी में दिनदहाड़े दो करोड़ रुपए से अधिक कीमत के हीरा चोरी करने के मामले में माणकचौक थाना पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने गुजरात निवासी एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटनास्थल से संभावित रास्तों तक 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी जांच और मुखबिर से मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने सायपुरा की झुग्गी-बस्ती में छापेमारी कर महिला को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी का माल भी बरामद कर लिया है।
डीसीपी नॉर्थ करन शर्मा के अनुसार, जेमस्टोन कारोबारी ने 15 अक्टूबर को माणकचौक थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। कारोबारी ई-रिक्शा में गोपालजी के रास्ते से सांगानेरी गेट की ओर जा रहा था। उसके पास 13 पैकेट थे, जिनमें एमरल्ड राउंड, एमरल्ड मणियों सहित विभिन्न व्यापारियों के कीमती रत्न रखे थे। सफर के दौरान ये पैकेट चोरी हो गए।

शातिर चोर तक ऐसे पहुंची पुलिस
कारोबारी के पास न वाहन का नंबर था और न ही आरोपी के बारे में कोई ठोस जानकारी। ऐसे में पुलिस ने घटनास्थल से लेकर संभावित रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। जांच के दौरान ई-रिक्शा में कारोबारी के साथ बैठी एक संदिग्ध महिला सामने आई। इसके बाद पुलिस ने उसके आने-जाने के रास्तों और बीच में वाहन बदलने की गतिविधियों को जोड़कर जांच आगे बढ़ाई।
ऑटो बदलकर बचने की कोशिश, झुग्गी-बस्ती में मिली
थानाधिकारी राकेश ख्यालिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के साथ मुखबिर तंत्र की मदद ली। जांच में मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने सायपुरा की झुग्गी-बस्ती में दबिश दी और गुजरात निवासी महिला को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए रत्न बरामद किए गए हैं। बरामदगी के बाद अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात में कितने लोग शामिल थे और चोरी के माल को ठिकाने लगाने की क्या योजना थी।
पुलिस जांच में शातिर चोर निकली महिला
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी महिला अन्य महिलाओं के साथ मुख्य बाजारों में खरीदारी का दिखावा करते हुए घूमती थी। कथित तौर पर गिरोह के सदस्य पहले संभावित शिकार की पहचान करते और फिर उसकी गतिविधियों पर नजर रखते थे। मौका मिलते ही सफर के दौरान कीमती सामान चोरी कर वाहन बदलकर निकल जाते थे। पुलिस अब आरोपी महिला से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और जयपुर में हुई संभावित दूसरी वारदातों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

