Mumbai Crime News: मुंबई के जुहू इलाके में अभिनेता टाइगर श्रॉफ से जुड़ी गोलीबारी की घटना ने शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले की जांच के लिए मुंबई पुलिस ने 15 टीमें बनाई हैं। गोलीबारी में दो लोग घायल हुए हैं, जिनमें टाइगर श्रॉफ का ड्राइवर फिरदौस भी शामिल है। मुंबई पुलिस के मुताबिक गोली लगने से फिरदौस के बाएं हाथ में चोट आई है। घटना के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है और आरोपियों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
वारिस पठान ने कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल
एआईएमआईएम नेता वारिस पठान ने घटना को गंभीर बताते हुए मुंबई पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि रविवार को जुहू जैसे इलाके में आकर कुछ लोगों ने बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर गोलीबारी की। यह घटना मुंबई की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। पठान ने कहा कि पहले सलमान खान पर हमला हुआ और रोहित शेट्टी से जुड़ी गोलीबारी की घटना भी सामने आई। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या मुंबई को फिर 1990 के दशक के दौर में ले जाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने पुलिस से सतर्कता बढ़ाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
वर्षा गायकवाड़ ने उठाए सवाल
कांग्रेस सांसद वर्षा गायकवाड़ ने भी गोलीबारी की घटना को लेकर महाराष्ट्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह घटना मुंबई में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े करती है। गायकवाड़ ने सलमान खान के घर के बाहर हुई गोलीबारी और बाबा सिद्दीकी की हत्या का जिक्र करते हुए कहा कि रोहित शेट्टी के घर के बाहर भी गोलियां चलाई गई थीं।
उन्होंने सवाल किया कि अगर राजनेता और अभिनेता जैसी जानी-मानी हस्तियां सुरक्षित नहीं हैं, तो आम लोगों की सुरक्षा की क्या उम्मीद की जा सकती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के पास कई विभागों की जिम्मेदारी होने से काम का बोझ बढ़ गया है। महाराष्ट्र को एक स्वतंत्र और सक्षम गृह मंत्री की जरूरत है। गायकवाड़ ने पुलिस को स्वतंत्र रूप से काम करने देने और गृह विभाग की ओर से पड़ने वाले राजनीतिक दबाव को खत्म करने की मांग भी की।

