एक्टर टाइगर श्रॉफ पर रविवार शाम मुंबई में फायरिंग हुई। बाइक सवारों ने जुहू में उन पर 5 राउंड फायरिंग की। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, फुटबॉल खेलकर लौटते वक्त टाइगर की कार जुहू के पुष्पा पार्क के पास रुकी। यहां उन्हें देखने के लिए भीड़ जमा हो थी। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन लोग वहां पहुंचे। हमलावरों ने टाइगर की गाड़ी पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। टाइगर के ड्राइवर और एक ऑटो-रिक्शा वाले को भी गोलियां लगी हैं। टाइगर श्रॉफ सुरक्षित हैं। हमले के बाद एक पोस्ट वायरल हो रही है, जिसमें लॉरेंस गैंग के अनिल पंडित ने फायरिंग की जिम्मेदारी ली। लिखा कि सलमान खान के साथ काम करने वाले का यही अंजाम होगा। टाइगर पर हमले का यह वीडियो वायरल है… लॉरेंस गैंग की पोस्ट- समझाया था, समझा नहीं रिपोर्ट्स के मुताबिक लॉरेंस गैंग के अनिल पंडित और हरमन संधू ने फायरिंग की जिम्मेदारी ली है। अनिल पंडित ने सोशल मीडिया पर पोस्ट की है। पोस्ट में लिखा है- हमने इसे समझाया था, इसको समझ नहीं आया। आज हमने इसको सही से समझा दिया है। मुंबई फिल्म इंडस्ट्री में जो हमारी बात नहीं सुनेगा, या सलमान के साथ काम करेगा, अगला नंबर उसी का होगा। पुलिस ने अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं की है कि लॉरेंस गैंग ने ही यह हमला किया है। अनिल पंडित पानीपत का, 2022 में अमेरिका पहुंचा अनिल पंडित हरियाणा के पानीपत जिले के रायर कलां गांव का रहने वाला बताया जाता है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह 2022 में दुबई गया और बाद में अवैध रास्ते से अमेरिका पहुंचा। उसका नाम लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जोड़ा जाता है। गुरु रंधावा के जिम के बाहर फायरिंग, हरियाणवी गायक दिलेर खरकिया की गाड़ी पर गोलीबारी और पानीपत में रंगदारी मांगने के मामलों में उसके नाम से जुड़े दावे सामने आए हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, उसके खिलाफ 10 मामले दर्ज हैं और लुकआउट सर्कुलर भी जारी हुआ था। महाराष्ट्र डिप्टी सीएम शिंदे बोले- हमलावरों को उन्हीं की भाषा में जवाब मिलेगा महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने पुलिस से बातकर घटना की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोपरि है। हमले के दोषियों को उन्हीं की भाषा में जवाब दिया जाएगा। किसी को बख्शेंगे नहीं। CCTV खंगाल रही पुलिस, 15 टीमें बनाईं हमले के बाद पुलिस ने इलाके को सील कर दिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की बाइक का नंबर और उनकी पहचान की जा सके। चश्मदीदों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। मुंबई पुलिस ने कहा कि हमले में टाइगर के ड्राइवर के हाथ में गोली लगी है। हमले की वजह सामने नहीं आई है। घटना की जांच के लिए 15 टीमों का गठन किया गया है। कौन है लॉरेंस, गैंग में 700 से ज्यादा शूटर्स लॉरेंस का जन्म 12 फरवरी 1993 में पंजाब के फाजिल्का में हुआ था। उसके पिता पुलिस कॉन्स्टेबल थे। पुलिस रिकॉर्ड में लॉरेंस का नाम सतविंदर सिंह है। लॉरेंस गैंग में 700 से ज्यादा शूटर्स हैं, जिनमें 300 से ज्यादा पंजाब से जुड़े हैं। इसके गुर्गे पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली और हिमाचल प्रदेश से काम करते हैं। जैकी श्रॉफ के बेटे, नाना एयर वाइस मार्शल पिता जैकी श्रॉफ से भी ज्यादा नेटवर्थ जैकी श्रॉफ चार दशकों से ज्यादा लंबे करियर में लगभग 250 फिल्मों में नजर आ चुके हैं। वहीं, टाइगर श्रॉफ 10 साल के करियर में 11 फिल्मों में काम कर चुके हैं। मिंट की रिपोर्ट के मुताबिक आज टाइगर श्रॉफ की नेटवर्थ 248 करोड़ रुपए है। वो एक फिल्म के लिए 25 करोड़ रुपए चार्ज करते हैं। इसके अलावा टाइगर सोशल मीडिया और विज्ञापनों के जरिए भी कमाई करते हैं। फाइनेंशियल एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक पिता जैकी श्रॉफ की नेटवर्थ इस समय 212 करोड़ रुपए है। जैकी एक फिल्म के करीब 1 करोड़ रुपए फीस लेते हैं। फिल्में फ्लॉप हुईं तो डिप्रेशन में चले गए टाइगर श्रॉफ की ए फ्लाइंग जट, मुन्ना माइकल, और स्टूडेंट ऑफ द ईयर 2 जैसी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर अच्छा परफॉर्म नहीं कर पाई थीं। सबसे बड़ा झटका उन्हें हीरोपंती 2 की रिलीज के बाद लगा था। इस फिल्म को ऑडियंस और क्रिटिक्स ने बहुत खराब रिव्यूज दिए थे। बॉक्स ऑफिस पर फिल्म बुरी तरह से पिट गई थी। इसकी वजह से टाइगर डिप्रेशन में चले गए थे। करण जौहर के शो कॉफी विद करण में टाइगर श्रॉफ ने कहा था- मैं बहुत दुखी हुआ, डिप्रेशन महसूस किया। मेरी कोई सोशल लाइफ नहीं है और ना ही मेरे बहुत सारे दोस्त हैं। जब मैं डिप्रेस होता हूं तो बहुत खाता हूं। एयरोफोबिया से पीड़ित हैं टाइगर, फ्लाइट में खड़े होकर ट्रैवल करते हैं टाइगर श्रॉफ को एयरोफोबिया की शिकायत है। इस बात का खुलासा कहते हुए उन्होंने एक इंटरव्यू के दौरान कहा था कि फ्लाइट में उड़ान भरने से डर लगता है। टाइगर के साथ ‘बड़े मियां छोटे मियां’ में काम कर चुके अक्षय कुमार ने भी एक बार इंटरव्यू में कहा था- टाइगर फ्लाइट में तभी बैठते हैं जब उन्हें उतरना और उड़ान भरना होता है। अन्यथा, वो डर के कारण पूरी उड़ान के दौरान खड़े रहते हैं।
टाइगर श्रॉफ पर मुंबई में 5 राउंड फायरिंग, एक्टर सुरक्षित:लॉरेंस गैंग की पोस्ट- जो सलमान के साथ काम करेगा, उसका यही अंजाम होगा

