कर्ज के बीच राजपाल का पत्नी के लिए इमोशनल पोस्ट:मुश्किल दौर में भी साथ नहीं छोड़ा, कर्जदार हूं; एक्टर से 13 साल छोटी हैं पत्नी राधा

कर्ज के बीच राजपाल का पत्नी के लिए इमोशनल पोस्ट:मुश्किल दौर में भी साथ नहीं छोड़ा, कर्जदार हूं; एक्टर से 13 साल छोटी हैं पत्नी राधा

कर्ज के चेक बाउंस मामले और लंबे कानूनी विवाद का सामना कर रहे एक्टर राजपाल यादव ने अपनी पत्नी राधा यादव के लिए एक इमोशनल पोस्ट शेयर किया है। राजपाल यादव ने कठिन समय में मजबूती से साथ खड़े रहने के लिए अपनी पत्नी को ‘परिवार का हीरा’ बताया है। उन्होंने कहा कि जिंदगी की आपाधापी और मुश्किल समय में आपा खोए बिना राधा ने उनका और पूरे परिवार का साथ निभाया। राजपाल ने कहा कि उनकी जिंदगी में सबसे बड़ा कर्ज उनकी पत्नी का है। यह पोस्ट राजपाल ने उनकी पत्नी के जन्मदिन पर किया। राजपाल यादव की पत्नी राधा उनसे 13 साल छोटी हैं। ‘माता-पिता और ईश्वर के बाद सबसे बड़ा कर्ज पत्नी का’ पत्नी राधा के जन्मदिन के मौके पर राजपाल यादव ने इंस्टाग्राम पर एक खास फोटो शेयर की। उन्होंने लिखा कि माता-पिता, गुरु और परमात्मा के बाद अगर उनकी जिंदगी में किसी का सबसे बड़ा कर्ज है, तो वह उनकी पत्नी राधा का है। इस कर्ज को वे खुशी से स्वीकार करते हैं। राजपाल ने लिखा कि मेरे साथ इतना सब कुछ सहने के बाद भी तुमने परिवार के बच्चों को अच्छे से पढ़ाया-लिखाया और उन्हें जिंदगी की सीख दी। यह सपना मेरा था, लेकिन इसे तुमने पूरा किया। ‘तुम हमारे परिवार में हीरा हो, हमेशा प्यार करता रहूंगा’ राजपाल यादव ने अपनी पोस्ट में कहा कि राधा ने कभी अपने लिए कुछ नहीं मांगा, बल्कि अपना सब कुछ परिवार की खुशियों के लिए न्योछावर कर दिया। उन्होंने लिखा, “सच में तुम हमारे परिवार में एक हीरा हो। इन सब के लिए मैं जीवनभर तुम्हारा आभारी था, आभारी हूं और हमेशा रहूंगा।” उन्होंने अपनी पत्नी को जन्मदिन की बधाई देते हुए जिंदगी भर साथ और प्यार देने का वादा किया। चेक बाउंस का मामला मध्यस्थता में चेक बाउंस मामले में बॉलवुड एक्टर राजपाल यादव को सुप्रीम कोर्ट ने राहत दी है। दोनों पक्षों को मध्यस्थता के जरिए समाधान करने का आदेश दिया है। इसके साथ ही ट्रायल कोर्ट में जमा राजपाल का पासपोर्ट रिलीज करने को भी कहा है। राजपाल यादव का यह कानूनी विवाद मेसर्स मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से जुड़ा है, जिसमें 22 करोड़ रुपए के चेक बाउंस का दावा किया गया है। न्यूज एजेंसी ANI से बात करते हुए राजपाल ने कहा कि वे सुप्रीम कोर्ट के आभारी हैं, जिसने 14 साल में पहली बार उन्हें अपना पक्ष रखने का मौका दिया। उन्होंने कहा कि वे कोर्ट के हर आदेश का पालन करेंगे। 2010 में फिल्म के लिए लिया था 5 करोड़ का फंड यह मामला करीब 16 साल पुराना है। शिकायतकर्ता कंपनी के मुताबिक, 2010 में राजपाल यादव को उनकी फिल्म ‘अता पता लापता’ के लिए करीब 5 करोड़ रुपए की आर्थिक मदद दी गई थी। फिल्म के निर्देशन और निर्माण से जुड़े राजपाल यादव पर रकम लौटाने की जिम्मेदारी थी। बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौते हुए और भुगतान के लिए चेक जारी किए गए, लेकिन उनमें से सात चेक बाउंस हो गए। दिल्ली हाईकोर्ट ने सुनाई थी 3 महीने की सजा मामले में राजपाल यादव को दोषी ठहराया गया था। जुलाई 2026 में दिल्ली हाईकोर्ट ने सातों मामलों में उनकी सजा बरकरार रखते हुए तीन महीने की जेल की सजा सुनाई थी। सभी सजाएं एक साथ चलने का आदेश दिया गया था। इसके बाद राजपाल यादव ने सुप्रीम कोर्ट में हाईकोर्ट के फैसले को चुनौती दी। 2003 में हुई थी शादी, मुश्किलों में भी संभाला परिवार यह राजपाल यादव की दूसरी शादी है। उनकी पहली पत्नी करुणा का बेटी ज्योति को जन्म देने के कुछ समय बाद निधन हो गया था। इसके बाद साल 2003 में राजपाल ने राधा से शादी की। राधा ने राजपाल की पहली बेटी ज्योति को अपने बच्चों की तरह संभाला। राजपाल और राधा की दो बेटियां हैं, जिनका नाम हर्षिता और रेहांशी है। राजपाल ने कहा कि कानूनी और आर्थिक संकट के दौर में राधा ने कभी हिम्मत नहीं हारी और परिवार को बिखरने से बचाया। ये खबर भी पढ़ें राजपाल यादव से 13 साल छोटी हैं पत्नी राधा:बोले- मौसी कहती थीं लंगूर को हूर मिल गई; शॉपिंग से लेकर घर का हिसाब-किताब संभालती हैं बॉलीवुड एक्टर राजपाल यादव ने हाल ही में अपनी निजी जिंदगी और पत्नी राधा यादव के साथ अपने रिश्ते पर खुलकर बात की है। राजपाल अपनी पत्नी को सिर्फ जीवनसाथी नहीं, बल्कि अपनी सबसे बड़ी ताकत और अपने सफर की बैकबोन मानते हैं। पूरी खबर पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *